पशु तस्करी करा रहा था हवलदार, एसपी ने किया निलंबित

पशु तस्करों के साथ रैकी कर रहा था हवलदार

less than 1 minute read
Oct 15, 2015
balaghat
balaghat
शहडोल। अनूपपुर जिले के कोतमा थाना में पदस्थ एक हवलदार पशु तस्करों के साथ तस्करी करा रहा था। यहां तक की हवलदार वाहन के आगे आगे रैकी भी कर रहा था और पुलिस से मिलने वाले प्वाइंट की जानकारी तस्करों तक पहुंचा रहा था। एसपी अनूपपुर ने हवलदार को निलंबित कर दिया है। टीआई एलडी सिंह ने बताया कि हाल ही में पशु तस्करों के निकलने की सूचना मिली थी। जिसके बाद नाकाबंदी कर दी गई थी। इसके बाद पशु तस्कर नदी के समीप टकराते हुए तेज रफ्तार से बघेल पेट्रोल पंप भालूमाड़ा की ओर निकल गए थे।

पुलिस ने पशु तस्करों का पीछा किया तो तस्करों ने पुलिस गश्त पार्टी के वाहन में टक्कर मारते हुए कॉलरी नंबर दस के जंगल की ओर निकल गए थे। टीआई ने बताया कि पशु तस्करों ने नाकाबंदी के दौरान कुशियरा रेलवे फाटक को भी तोड़ दिया था। इस दौरान पशु तस्करों के वाहन के आगे कोतमा में पदस्थ विनय सिंह भी चल रहा था। टीआई ने बताया कि रेलवे फाटक के समीप पशु तस्करों के वाहन के आगे हवलदार विनय सिंह था और पार करा रहा था। जिसे एसपी अनुराग शर्मा ने निलंबित भी कर दिया है।

टीआई ने दिया प्रतिवेदन
टीआई भालूमाड़ा ने एसपी को प्रतिवेदन दिया है। जिसमें कहा है कि हवलदार विनय सिंह पशु तस्करों के आगे पीछे रैकी कर रहा था और रेलवे फाटक के समीप पशु तस्करों के वाहन को निकलवाने का प्रयास किया था।

इस संबंध में शिकायत आई थी। उक्त पुलिसकर्मी की वाहन निकलवाने में भूमिका सामने आई थी। हमने पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया है।
अनुराग शर्मा, एसपी अनूपपुर
Published on:
15 Oct 2015 10:44 pm