
शहडोल- लगभग 14 सालों से सत्ता से दूर कांग्रेस पार्टी आने वाले विधानसभा चुनाव को जीतने और सत्ता में आने के लिए अभी से सक्रिय हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने आने वाले चुनाव में हर विधानसभा जीतने के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
बीते एक महीने के दौरान पार्टी के प्रदेश स्तर के बड़े नेताओं का दौरा और यात्राएं हो चुकी हैं। इस दौरान तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल और राकेश रतन सिंह विन्ध्य में न्याय यात्रा आयोजित कर कार्यकर्ताओं में सक्रियता लाने और गुटबाजी समाप्त कर एकजुटता लाने का संदेश कार्यकर्ताओं को दिया है। लगातार कांग्रेस हाईकमान प्रत्याशियों की खोज करने
कार्यकर्ताओं से फीडबैक ले रहा है।
कमलनाथ के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पुराने कांग्रेस कार्यकर्ता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। वहीं कांग्रेस पार्टी द्वारा विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव भी किया जाएगा। कांगेेस पार्टी ने चुनाव को देखते हुए राजनैतिक बिसात बिछानी शुरू कर दी है। कांग्रेस किसी भी तरह सत्ता में आने के लिए जिले की तीनों विधानसभा सीटें जीतने के लिए अभी से जोर आजमाइश करने में लगी है।
हालांकि पार्टी के अंदर से संगठन में बदलाव की मांग की जा रही है। ऐसा कहा जा रहा है कि चुनाव जीतने के लिए बदलाव जरूरी है। कांग्रेस के नेता कमलनाथ के प्रदेश अध्यक्ष बनते ही अब अध्यक्ष की पद पाने के लिए जोड़ तोड़ शुरू कर दी गई है। ऐसा मानना है कि अगर विधानसभा चुनाव के पहले अध्यक्ष और संगठन में बदलाव नहीं किया गया तो विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को विधानसभा और लोकसभा चुनाव दोनों में नुकसान का सामना करना होगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मानें तो न्याय यात्रा के बाद अब संगठन में बदलाव और नए जिला अध्यक्ष की ताजपोशी होना निश्चित है। अब अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के दिग्गज नेता लामबंदी और अपने अपने नेताओं के दरवाजे में दस्तक देकर अध्यक्ष की कुर्सी पाने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं।