शहडोल

भाजपा संगठन चुनाव : जिलाध्यक्ष के लिए 40 दावेदारों के लिए मत लिफाफे में कैद

भाजपा कार्यालय में सुबह से रही चलह-पहल, अपनी-अपनी पैठ बनाने में जुटे रहे दावेदार

2 min read
Dec 28, 2024


विधायक, पूर्व विधायक के साथ लगभग 50 पदाधिकारियों ने तीन-तीन नामों का दिया प्रस्ताव
भाजपा कार्यालय में सुबह से रही चलह-पहल, अपनी-अपनी पैठ बनाने में जुटे रहे दावेदार
शहडोल. भाजपा संगठन चुनाव में शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए भाजपा कार्यालय में रायशुमारी की गई। इस दौरान भाजपा कार्यालय में सुबह से ही चहल-पहल बनी रही। दावेदारों के साथ उनके समर्थक यहां पहुंचे हुए थे। रायशुमारी के पहले भाजपा की संगठनात्मक बैठक हुई, जिसमें आवश्यक गाइड लाइन के साथ ही विभिन्न मुद्दो को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद रायशुमारी के लिए आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ हुई। इस दौरान जिले के चुनाव अधिकारी अरुण कुमार द्विवेदी, संगठन चुनाव के पर्यवेक्षक भगत सिंह नेताम, सह चुनाव प्रभारी प्रकाश जगवानी, जयसिंह मरावी उपस्थित रहे।
जमा किया बॉयोडाटा, हुई रायशुमारी
संगठनात्मक बैठक के बाद रायुशमारी की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। सबसे पहले सभी दावेदारों ने एक-एक कर चुनाव पदाधिकारियों के पास अपने-अपने बॉयोडाटा जमा कराया। इसके बाद वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष उपाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष व मंडल प्रतिनिधि के साथ ही अन्य पदाधिकारियों ने तीन-तीन नामों का प्रस्ताव प्रोफार्मा लिफाफे में रखकर निर्वाचन पदाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया।
मातृशक्तियों ने भी लगाया जोर, की दावेदारी
भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए युवा व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ महिलाओं ने भी दावेदारी की है। शुक्रवार को हुई रायशुमारी में 40 दावेदारों ने जिलाध्यक्ष के लिए दावेदारी की है। इन नामों के लिए 50 से अधिक जनप्रतिनिधि व पदाधिकारियों ने अपने प्रस्ताव रखे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए दावेदारी करने वालों के अलावा निवर्तमान जिलाध्यक्ष के साथ अन्य कार्यकर्ताओं के नाम पर भी प्रदेश प्रतिनिधित्व विचार कर सकता है।
प्रदेश नेतृत्व से तय होगा नाम
भाजपा संगठन सह चुनाव प्रभारी प्रकाश जगवानी ने बताया कि रायुशमारी में आए दावेदारों के बॉयोडाटा के साथ ही अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ताओं ने जो तीन-तीन नामों का प्रस्ताव दिया है उसे लिफाफे में बंद करके प्रदेश नेतृत्व के पास भोपाल भेज दिया गया है। संभवत: दो से तीन दिन में प्रदेश नेतृत्व जिलाध्यक्ष के लिए नाम की घोषणा करेगा। शहडोल व सीधी सांसद स्वयं नहीं पहुंचे, लेकिन अपना अभिमत उन्होने भिजवा दिया है। उन्होने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए रायशुमारी शांति पूर्वक संपन्न हुई।

Updated on:
28 Dec 2024 12:07 pm
Published on:
28 Dec 2024 12:06 pm
Also Read
View All

अगली खबर