
शहडोल- भारतीय महिला क्रिकेट टीम इन दिनों एशिया कप खेल रही है। जहां भारतीय महिला टीम ने मौजूदा टूर्नामेंट में अबतक खेले गए अपने दोनों ही मुकाबले जीत लिए हैं। और इस जीत में बड़ी भूमिका अदा कर रही हैं, एक छोटे से शहर की खिलाड़ी पूजा वस्त्रकार, पूजा वस्त्रकार ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं, बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में महारत है। और इसीलिए इन्हें टी-20 टीम की प्लेइंग इलेवन में जगह भी मिल रही है, जहां इन दिनों एशिया कप में पूजा वस्त्रकार बेहतरीन खेल दिखाने में कामयाब हो रही हैं। पूजा वस्त्रकार ने पहले मलेशिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और फिर अब थाईलैंड के खिलाफ भी बेहतरीन प्रदर्शन किया।
एशिया कप में पूजा
शहडोल की रहने वाली पूजा वस्त्रकार इन दिनों भारतीय महिला टीम के साथ एशिया कप खेल रही हैं, जहां पूजा कमाल का प्रदर्शन करने में कामयाब हो रही हैं, एशिया में भारतीय महिला टीम का पहला मुकाबला मलेशिया के साथ खेला गया, जहां भारतीय टीम ने इस मैच में पूजा वस्त्रकार को बल्लेबाजी ऑर्डर में भी प्रमोट किया, और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए भेज दिया, हलांकि इस नंबर पर मिले मौके का फायदा पूजा वस्त्रकार नहीं उठा सकीं, और महज 13 गेंद में 16 रन बनाकर ही आउट हो गईं, अपनी इस पारी में पूजा ने तीन चौके लगाए, इसके बाद पूजा ने अपना कमाल दिखाया गेंदबाजी में, जहां उन्होंने तीन ओवर की गेंदबाजी में 6 रन देकर 3 विकेट निकाले। इस मैच में भारतीय टीम ने मलेशिया की महिला टीम को महज 27 रन पर ही ढेर कर दिया।
एशिया कप में भारतीय टीम का दूसरा मुकाबला आज सोमवार को थाईलैंड के साथ खेला गया, जहां भारतीय महिला टीम ने थाईलैंड से ये मुकाबला 66 रन से जीत लिया इस मैच में पूजा वस्त्रकार को बल्लेबाजी के लिए छठवें नंबर पर उतारा गया, इसके अलावा जहां पूजा ने 2 गेंद खेलकर नाबाद 6 रन बनाए, इसके बाद ओवर ही खत्म हो गया, और जब गेंदबाजी मिली तो पूजा वस्त्रकार ने एक बार फिर से कसी गेंदबाजी की, और दो ओवर में 5 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।
जानिए पूजा वस्त्रकार के बारे में
पूजा वस्त्रकार शहडोल की क्रिकेटर हैं, जिन्होंने अभी हाल ही में इसी साल साउथ अफ्रीकी दौरे से इंडियन विमेंस टीम में डेब्यू किया, पूजा ने अबतक 6 वनडे और 8 टी-20 मैच ही खेले हैं, मैच दर मैच पूजा के खेल मेंनिखार आ रहा है, और वो इंटरनेशनल लेवल पर भी अपनी लय पकड़ती नजर आ रही हैं, उम्मीद है कि पूजा इसी तरह से शानदार खेल दिखाते हुए इंडियन विमेंस टीम की स्टार खिलाड़ी बनने में भी कामयाब होंगी।