पढि़ए क्राइम की खबरें
जब पेड़ से टकरा गई बाइक, युवक की मौत
शहडोल- जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंधा बाजार में एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार सुधीर कोल निवासी चरखड़ी और श्री दयाल ग्राम कनाडी से जयसिंहनगर की ओर आ रहे थे तभी हादसा हुआ।
बताया गया कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में सुधीर कोल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्री दयाल की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में पहुंचाया जहां पर उपचार के दौरान ही सुधीर कोल की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
----------------------
जेल में सरगना, कट रही थी पर्चियां, दो गिरफ्तार
पत्रिका खबर के बाद आईपीएल सटोरियों को दिनभर ढूंढती रही पुलिस
शहडोल. जिले में सट्टे का नेटवर्क फैलाकर रखने वाला सरगना भले ही जेल में हो लेकिन शहर में बेखौफ सट्टा पर्चियां कट रही हैं। हाल ही में कोतवाली पुलिस की सट्टा के खिलाफ दो कार्रवाई भी इस बात को उजागर कर रही है। कोतवाली पुलिस ने शहर के दो जगहों में सटोरियों को पकड़ा है। पुलिस पूछताछ कर तार जोड़ रही है। कोतवाली पुलिस की पहली कार्रवाई पुट्टी बाड़ा की है। सुशील कुमार भाटिया को सट्टा पर्ची काटते हुए पकड़ा है। एएसआई रजनीश तिवारी ने सटोरिया से नकदी और पर्ची जब्त की है। दूसरी कार्रवाई शहर के ही शंकर टाकीज के नजदीक की है। यहां पर पुलिस ने आबिद उर्फ बल्लू खान निवासी इतवारी मोहल्ला को सट्टा पर्ची काटते पकड़ा है।
गौरतलब है कि हाल ही में कोतवाली पुलिस ने सट्टे का नेटवर्क फैलाने वाले बल्लू गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बल्लू लंबे समय से फरार था, पुलिस ने गांजा की खेप जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी बल्लू के खिलाफ सट्टा के कारोबार से जुड़े दर्जनों अपराध थानों में दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भी चोरी छिपे तरीके से पुराने नेटवर्क में सट्टा चल रहा है।
----------------------------------
जलने से मौत
शहडोल- आग से जलने के बाद बुढ़ार अस्पताल में भर्ती रमाबाई चौधरी की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।