शहडोल

नोटबंदी जैसे हालात, दर्जनों एटीएम बने शो-फीस

कैश विहीन रहे एटीएम, दूसरे दिन भी परेशानी बरकरार

2 min read
Apr 17, 2018
dozens of ATM made show-fees

शहडोल। लगातार दूसरे दिन भी उपभोक्ता कैश की समस्या से जूझते रहे। शहर में मौजूद दर्जनों एटीएम में सर्वर और कैश की समस्या के कारण लोग भटकते रहे और एटीएम महज शो-फीस बने रहे। बड़े नोट न होने से दो दिनों से नोटबंदी जैसे हालात बन गए। एसबीआई बैंक के ज्यादातर एटीएम में कैश डालते ही खत्म हो गया। यह समस्या करेंसी चेस्ट में बड़े नोटों की किल्लत बताई जा रही है। शादियों के सीजन में इस तरह की समस्या से व्यापार भी प्रभावित रहा। लोग खरीददारी भी नहीं कर पाए।
जिलेभर में सरकारी और प्राइवेट बैंकों की करीब ७५ शाखाएं हैं। शहर में इन बैंकों के करीब ३ दर्जन से अधिक एटीएम हैं। विगत दो दिनों से मशीनों में कैश नहीं है। उपभोक्ता दिन भर पैसे निकालने के लिए परेशान हो रहे हैं। एटीएम से पैसा न निकलने से उपभोक्ता बैंकों के कैश काऊंटर में भी लाइन लगाकर खड़े रहे। कहीं सर्वर की समस्या तो कहीं कैश न होने का बोर्ड चस्पा कर दिया गया। हालाकि उपभोक्ताओं द्वारा जमा किए जा रहे बड़े नोट बैंकों में मौजूद हैं। जिनका लेनदेन हो रहा है। गिने चुने एटीएम में कैश उपलब्ध होने के कारण वहां लाइनें लगी रहीं।
छोटे नोटों से स्थिती संभालने की कोशिश
जानकार बताते हैं कि जिलेभर की बैंकों में छोटे-बड़े नोटों के बैलेंस के लिए यह बैंक जिले में मौजूद ४ करेंसी चेस्ट से इन नोटों की मांग करतीं हैं। लंबे समय से बैंकों द्वारा २००० के नोटों की मांग की जा रही है, लेकिन करेंसी चेस्ट से बड़े नोट नहीं आ रहे हैं। ऊपर से भी करेंसी चेस्ट को बड़े नोट नहीं पहुंचाए गए। जिसके बाद क्षेत्र में छोटे २००, १००, २०, १० के नोटों से काम चल रहा है।
सिर्फ छोटे नोट निकल रहे थे
दोपहर के समय पुराने गांधी चौक स्थित एसबीआई एटीएम में रखी दो मशीनों में सिर्फ एक मशीन चालू थी, जिसमें केवल १०० के नोट निकल रहे थे। गांधी चौक में स्थित एसबीआई एटीएम विगत रात्रि से ही आऊट ऑफ सर्विस बताया गया। स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में मौजूद एटीएम में प्रबंधन द्वारा बार-बार कैश डाला गया लेकिन छोटे नोट होने के कारण वह भी शाम शाम ४ बजे खत्म हो गया। एसबीआई के अलावा प्राइवेट बैंकों में एटीएम का शटर ही बंद कर दिया गया। पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम पूरे दिन बंद रहा। वहीं एक्वाटास बैंक का एटीएम भी शाम को बंद करना पड़ा।

---बड़े नोट नहीं आ रहे हैं, जिस कारण यह हालात बने हैं। जल्द ही स्थिती नियंत्रण में हो जाएगी। छोटे नोट जैसे ही एटीएम में डाले जाते हैं तो वह जल्द खत्म हो जाते हैं।
विजय चौरसिया
एलडीएम शहडोल।

Published on:
17 Apr 2018 08:29 pm