धनपुरी की घटना, परिवार के लोग पीछे की दीवार फांदकर निकले बाहरशहडोल. अमलाई थाना क्षेत्र के धनपुरी वार्ड 12 में चार्जिंग में लगी ई-स्कूटी की बैटरी फटने से घर में आग लग गई। आग से करीब 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। इसमें सोना-चांदी के जेवर, नकदी, एक बाइक, स्कूटी और शादी के लिए […]
धनपुरी की घटना, परिवार के लोग पीछे की दीवार फांदकर निकले बाहर
शहडोल. अमलाई थाना क्षेत्र के धनपुरी वार्ड 12 में चार्जिंग में लगी ई-स्कूटी की बैटरी फटने से घर में आग लग गई। आग से करीब 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। इसमें सोना-चांदी के जेवर, नकदी, एक बाइक, स्कूटी और शादी के लिए खरीदा गया दहेज का सामान शामिल है। संकरी गली होने के कारण दमकल वाहन घर तक नहीं पहुंच सका और स्थानीय लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। पीडि़त परिवार के अनुसार स्थानीय लोगों की मदद से करीब 5 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। घटना शनिवार देर बीती रात की है, जब घर के एक कमरे में ई-स्कूटी चार्ज हो रही थी। अचानक शार्ट सर्किट के साथ बैटरी फटी और आग तेजी से फैल गई। आग इतनी विकराल थी कि परिवार के लोगों को जान बचाने के लिए मुख्य दरवाजे की बजाय दीवार फांदकर बाहर निकलना पड़ा। अगर कुछ मिनट और देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घर के किचन में रखा सिलेंडर पड़ोसियों की सूझबूझ से बाहर निकाला गया।
इस हादसे ने महिला बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर सुनीता रजक के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उनकी बेटी की शादी 21 अप्रेल को तय थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। आग से कुछ ही घंटों में वर्षों की जमा पूंजी और शादी का सारा सामान जलकर खाक हो गया। घटना की जानकारी सुपरवाइजर के पति प्रमोद कुमार रजक ने अमलाई थाने में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगोंं के अनुसार आगजनी की घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही धनपुरी नगर पालिका के दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, लेकिन संकरी गलियों के कारण घटनास्थल तक नहीं पहुंच सके। दमकल कर्मियों ने पाइप की लंबाई कम होने का हवाला दिया, जिससे वे आग बुझाने में प्रभावी भूमिका नहीं निभा पाए। ऐसे में स्थानीय लोग ही बाल्टी और अन्य संसाधनों से पानी लाकर आग बुझाने में जुट गए। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना ने एक बार फिर आपातकालीन व्यवस्थाओं की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है।
बीती रात आग लगने की जानकरी आई थी, प्राथमीक जांच में ई-स्कूटी की बैटरी फटने से आग लगना पाया गया है, आगे की जांच की जा रही है। परिवार को बड़ा नुकसान हुआ है।
भूपेन्द्रमणि पांडेय, टीआई अमलाई