शहडोल

कहीं आपके वाहन का भी नंबर प्लेट आईकार्ड तो नहीं बन गया?

यहां पढि़ए वाहन नंबर प्लेट को लेकर बड़ी खबर

2 min read
Apr 30, 2018

शहडोल- वाहनों में सुरक्षा की दृष्टि से लगने वाले नंबर प्लेटें अब लोगों के लिए आईकार्ड का काम करने लगी है। जिसमें जनप्रतिनिधियों से लेकर कानून के रक्षक तक पीछे नहीं है। यातायात नियमों को ताक में रखकर वाहन चालकों द्वारा वाहनों में पदनाम लिखाकर नगर की सड़कों में दौड़ाया जाता है। विभाग द्वारा नियमित कार्रवाई न होने के कारण दिनों दिन ऐसे वाहन चालकों की संख्या बढ़ती जा रही है।

यातायात विभाग द्वारा पूर्व में नंबर प्लेटों पर पदनाम का रौब दिखाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर चालानी कार्रवाई की गई थी साथ ही हाईकोर्ट के आदेशानुसार वाहनों में लगी काली फिल्म के लिए भी अभियान चलाया गया था लेकिन वर्तमान में इन वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई न होने के कारण ऐसे वाहनों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है।

अभी भी वाहनों में काली फिल्म
सुप्रीम ने सभी वाहनों से काली फिल्म हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी अभी भी कई रसूखदार अपने वाहनों में काली फिल्म लगाकर फर्राटा भर रहे हैं। काली फिल्म की आड़ में अवैध गतिविधियों को भी अंजाम दिया जा रहा है। लंबे समय से काली फिल्म हटाने को लेकर कार्रवाई नहीं हुई। वर्तमान में कोर्ट के आदेश को ताक में रखकर कईवाहन चालक काली फिल्में लगाकर सड़कों में दौड़ रहे है।

कार्रवाई और जुर्माने का प्रावधान
केन्द्रीय मोटरयान अधिनियम 1989 के नियम 50 के अंतर्गत वाहन के दोनों ओर नंबर प्लेटों में नंबर प्रदर्शित करने का प्रावधान है। जिसके लिए निर्देश भी दिए थे कि किसी भी प्राइवेट या सरकारी वाहनों के आगे पीछे नंबर प्लेटों के स्थान पर नंबर प्लेट के अलावा कोई भी नेम प्लेट या पदनाम नहीं लगाया जाएगा। जिसका उल्लंघन करने पर वाहन चालक के खिलाफ केन्द्रीय मोटरयान की धारा 177, 53 व 55 के तहत कार्रवाईकरने का प्रावधान है। इसके अलावा नंबर प्लेट के स्थान पर पदनाम या अन्य कोई बोर्ड लगाने पर चालानी कार्रवाई का प्रावधान है।

कानून के रखवाले भी नहीं पीछे


वाहनों के नंबर प्लेटों में पद का रौब दिखाने में कानून के रखवाले भी पीछे नहीं है। वाहनों की नंबर प्लेटों में पुलिस व जनप्रतिनिधियों के पद का उल्लेख होना अब सामान्य बात हो गई है। वाहन चालकों द्वारा यातायात विभागों के नियमों को दरकिनार करते हुए नगर की सड़कों में वाहनों को दौड़ाया जाता है जिस पर अंकुश लगाने विभाग सिफर साबित हो रहा है।

कलेक्ट्रेट से काटा पुलिस का भी चालान
जिला कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को यातायात पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान यहां पर चार वाहनों के चालक के खिलाफ चालान काटा। इसमें एक पुलिस का वाहन भी शामिल था। पुलिसकर्मी बिना नंबर के वाहन को चला रहे थे। यातायात प्रभारी नित्यानंद पांडेय ने चार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई के बाद आम जन में भी खौफ पैदा होगा।


चलाया जा रहा है अभियान
शहडोल यातायात प्रभारी नित्यानंद पांडेय के मुताबिक वाहनों में लगी काली फिल्मों को हटाने के लिए मुहिम चलाई जा रही है। जिसमें समय समय पर काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर काली फिल्म हटाई जाती है। साथ ही नंबर प्लेटों में पदनाम या अन्य किसी चीजों का उल्लेख करने वाले वाहन चालकों से जुर्माना वसूला जाता है।

ये भी पढ़ें

बिग एक्सीडेंट- बैक टू बैक एक्सीडेंट, हादसे में मौत
Published on:
30 Apr 2018 02:28 pm
Also Read
View All