
शहडोल- घर में बधाईयों का सिलसिला चल रहा था, खुशी का माहौल था, शहनाईयां गूंज रही थीं, और सात फेरे की तैयारी हो रही थी। खुशी का माहौल होना तो लाजिमी है ना, दो बहनों की शादी जो एक साथ होने वाली थी, लेकिन तभी अचानक कुछ ऐसा हुआ, सारी खुशियां मातम में बदल जाती हैं। वहां नाचते गाते लोग अचानक सन्न रह जाते हैं, उस माहौल को देखने के बाद किसी को कुछ समझ ही नहीं आ रहा था कि आखिर ये हो क्या रहा है? कोई कुछ भी नहीं समझ पा रहा था।
मामला खैरहा थाना क्षेत्र के जबारी गांव का है। यहां पर बारात पहुंचते ही दूल्हे को खून की उल्टियां शुरू हो गईं और हालत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार बुढ़ार पकरिया गांव निवासी शोभनाथ का विवाह खैरहा जबारी निवासी मायाराम की बेटी राधा के साथ 24 अप्रैल को होनी थी। गाजे बाजे के साथ शोभनाथ बारात लेकर खैरहा पहुंचा। बारात पहुंचते ही स्वागत और खुशियां मनाई जा रही थीं उधर अचानक दुल्हे की हालत बिगड़ गई।
देखते ही देखते खून की उल्टियां शुरू कर दीं। आनन फानन में परिजन इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर मौत हो गई। दूसरे दिन बुधवार तक मौत के कारणों की पुष्टि पुलिस नहीं कर सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम कराते हुए शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
गमगीन माहौल में दूसरी बेटी की शादी
पुलिस के अनुसार खैरहा निवासी मायाराम की दो बेटियों का विवाह एक ही दिन था। शोभनाथ की मौत के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल हो गया। घटना के बारे में सुनने वाला हर कोई स्तब्ध था। हर किसी के आंखों से आंसुओं की धार बह रही थी। घटना के दिन दूसरी बेटी का भी विवाह होना था लेकिन टाल दिया गया था। दूसरे दिन गमगीन माहौल में दूसरी बेटी का विवाह किया गया।
जांच जारी है
बुढ़ार टीआई प्रफुल्ल राय के मुताबिक मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। दूल्हे को खून की उल्टियां शुरू हो गई थीं। जिसके बाद अस्पताल में मौत हो गई है।