
शहडोल- पिछले कुछ दिन से एक बार फिर से मौसम ने अपनी करवट बदल ली है। कभी तेज आंधी चलने लगती है, कभी बूंदा बांदी होने लगती है, तो कभी आसमान में बादलों का डेरा रहता है, आज भी दिनभर आसमान में बादलों को डेरा देखने को मिला, कभी तेज धूप लोगों को परेशान करने लगती, तो कभी बादल के चलते छांव हो जाता, दिनभर बादलों और सूर्यदेव की आंखमिचौली चलती रही।
रविवार को तो मौसम ने ऐसी करवट बदली कि सुबह से ही आसमान में बादल मढऱाने लगे, दोपहर होते-होते काले बादलों ने शहर को अपने आगोश में ले लिया था। बादलों के छा जाने के बाद उमस का वातावरण बन गया। शाम 4 बजे से तेज हवाएं चलने लगीं। सड़क पर मौजूद टीन सेडों, होर्डिंग हवा में लहराते दिखे। आंधी से बिजली व्यवस्था भी लडख़ड़ाती दिखी। वहीं शाम 6 बजे के बाद बूंदा-बांदी शुरु हो गई और मौसम सुहाना हो गया। बूंदाबांदी से पारा भी ३ डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। रात का न्यूनतम पारा भी सामान्य स्थिती में पहुंच गया। संभाग के उमरिया, अनूपपुर में भी बादल मढऱाते रहे, लेकिन उमस से राहत नहीं मिली।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 13 और 14 मई को शहडोल, अनूपपुर व उमरिया में रिमझिम बारिश की आशंका थी। रविवार को अनुमान के मुताबिक बूंदाबांदी हुई और मौसम में हल्की ठंडक महसूस की गई। शाम करीब 4 बजे शहडोल शहर का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस, उमरिया का 36 और अनूपपुर का 35 डिसे दर्ज किया गया। जबकि एक दिन पहले इसी समय का पारा 42 पर बना हुआ था। न्यूनतम पारे भी में भारी गिरावट आई। तीनों जिलों में न्यूनतम पारा 27 से 29 के बीच बना हुआ था जो रविवार को 25 से 26 पर ही रहा।
मौसम विभाग ने तो 14 मई मतलब आज भी आसमान में काले बादल मढऱाते रहने की भविष्यवाणी की थी, और वही देखने को भी मिला। नौतपा के पहले मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए बीमारियों की आशंका भी जताई जा रही है। बूंदाबांदी कुछ देर के लिए ठंडक दे रही है, लेकिन दो-चार घंटे बाद उमस का माहौल बन जाता है। उमस के कारण मौसमी बीमारियां लोगों को अपनी चपेट में ले सकती हैं।