
शहडोल- जिले में इन दिनों हर दिन मौसम बदल रहा है, कभी आंधी शुरू हो जाती है, कभी बारिश की बूंदें गिरने लगती हैं, तो कभी सूर्यदेव अपनी तेज रोशनी से धरती को तपाने लगते हैं, आपको कब किस तरह के मौसम का सामना करना पड़ जाए, कुछ कह नहीं सकते हैं। इन दिनों जिले में कुछ ऐसा ही हाल है। पिछले तीन-चार दिन से हर घंटे मौसम बदल रहा है। जिससे आम इंसान को परेशानी तो हो ही रही है। साथ ही किसानों की टेंशन और बढ़ गई है।
मुश्किल में किसान
जिले के किसानों के लिए इन दिनो आसमान से आफत की बूंदे बरस रही है। भले ही बदरा झड़ी न लगा रहे हों लेकिन खलिहान में रखे अनाज को नुकसान पहुंचाने के लिए रिमझिम फुहार ही काफी है। पिछले तीन-चार दिन से बदले मौसम के मिजाज और हल्की-फुल्की बारिश ने किसानों को चिंता में डाल रखा है। आखिर वो इस मौसम में करें तो करें क्या? ऐसे में किसान मुश्किल में नजर आ रहे हैं। क्योंकि फसल पक चुकी है, कुछ किसानों के फसल खेल में ही हैं, तो कुछ के खलिहान में और अगर तेज बारिश हुई तो खेत और खलिहान दोनों ही फसलों के लिए बहुत नुकसान दायक होगा।
अभी नुकसान की संभावना कम
जानकारों की मानें तो अभी तक जो रिमझिम-रिमझिम बारिश हुई है। उससे नुकसान की संभावना बहुत कम है। वैसे भी ज्यादातर किसानों की फसल अभी भी खेत में ही खड़ी है। यदि अब मौसम नहीं खुला और इससे तेज बारिश हुई तो किसानों के लिए मुसीबत खड़ी हो सकती है। खलिहान में जो फसल रखी है उसे इससे सबसे ज्यादा नुकसान होगा। अनाज के दाने काले पड़ जाएंगे। साथ ही किसानों को क्षति भी उठानी पड़ेगी।
गोहपारू क्षेत्र में आंधी के साथ बारिश
बीती रात गोहपारू व इसके आस-पास के ग्रामीण अंचलो में बीती शाम बारिश हुई। लेकिन इससे किसानों को अभी ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन अब यदि ऐसा ही मौसम रहा और बारिश हुई तो यह काफी नुकसान दायक साबित होगा। मौसम को देखते हुए किसान अपने-अपने अनाज को व्यवस्थित करने में लगा हुआ है।
फसलों का होगा नुकसान
वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर मृगेंन्द्र सिंह कहते हैं कि तेज बारिश हुई तो सबसे ज्यादा नुकसान कटाई के बाद खलिहान में रखी फसल का होगा, दाने काले पड़ जाएंगे, साथ ही थ्रेंसिंग में भी परेशानी होगी।
तेज बारिश से नुकसान
भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह के मुताबिक अभी तक जिले में कहीं तेज बारिश की खबर नहीं मिली है।जिससे की किसानों का नुकसान हुआ हो, अगर तेज बारिश हुई तो किसान मुश्किल में पड़ सकते हैं।
लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर
हर समय बदलते इस मौसम से लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है, अस्पताल और डॉक्टर्स के पास मरीजों की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। जिससे लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।