
श्रमवीरों ने कोयला उत्पादन के क्षेत्र में बनाया ऐतिहासिक कीर्तिमान
धनपुरी .एसईसीएल वसंत विहार स्थित रविन्द्र भवन के टैगोर हाल में खनिक दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमवीरो का किया गया सम्मान किया गया। इसमें धनपुरी के श्रमवीरों का भी सम्मान किया गया। इस आयोजन में अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बीआर रेड्डी डा. आरएस झा, निदेशक तकनीकी (संचालन)कुलदीप प्रसाद, पूर्व निदेशक तकनीकी एलके श्रीवास्तव, एनके सिंह पूर्व निदेशक (कार्मिक) केके श्रीवास्तव, आरएस सिंह, एसईसीएल संचालन समिति के नाथूलाल पाण्डे, हरि़द्वार सिंह, अवधराज सिंह, के पाण्डे मौजूद रहे।
प्रारंभ में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर खनिक प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके पश्चात कोलइण्डिया कारपोरेट गीत बजाया गया एवं शहीद श्रमवीरों के सम्मान में समस्त उपस्थितों द्वारा दो मिनट का मौन रखा गया । संकल्प का पठन निदेशक (कार्मिक) डॉ. आरएस झा द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बीआर रेड्डी ने कहा कि श्रम ही शक्ति है, अपने कठोर परिश्रम से एसईसीएल के हमारे श्रमवीरों ने कोयला उत्पादन के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। गत वर्ष एसईसीएल ने 144.709 मिलियन टन का रिकार्ड उत्पादन किया तथा कोलइण्डिया लिमिटेड में कोयला उत्पादन में अपना प्रथम स्थान बरकरार रखा है। उन्होंने कहा कर्मचारी कल्याण, स्वास्थ्य एवं खान सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक विकास को महत्व देकर नयी टेक्नॉलॉजी अपनाते हुए नयी परियोजना आरंभ कर योजनाबद्ध तरीके से कोयला का उत्पादन कर देश में ऊर्जा की आवश्यकता को पूरा करने हम कटिबद्ध हैं । उन्होंने आशा जताई कि एसईसीएल कोलइण्डिया की सभी अनुशंंगी कम्पनियों में हर पैरामीटर पर नम्बर-1 का स्थान हर-हमेशा बरकरार रखेगी, यह तभी संभव होगा जब यहॉं के अधिकारी-कर्मचारी, अंशधारक एकजुट होकर कार्य करेंगे। अंत में उन्होंने पुरस्कार पाने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, कालरी व क्षेत्रों को बधाई दिया एवं समस्त कर्मियों के सपरिवार खुशहाली की कामना की।
विशिष्ट अतिथि निदेशक (कार्मिक) डा. आर.एस. झा एवं निदेशक तकनीकी (संचालन) कुलदीप प्रसाद ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का यह शुभ दिन श्रमिकों के सेवाओं के सम्मान का दिन है। नि:संदेह कोयला खान का श्रमिक दिन-रात मेहनत करके राष्ट्र की ऊर्जा शक्ति बढ़ाने एवं राष्ट्र को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में अपना अमूल्य योगदान दे रहा है। उन्होंने अपने सम्बोधन में अपने कर्मियों के लिए किए गए कार्योंं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। अंत में उन्होंने अपने प्रेरणास्पद शब्दों से उत्कृष्ठता पुरस्कार पाने वाले समस्त कर्मियों को बधाई दिया।