मौसम पर मकर संक्रांति का असर, नए साल में पहली बार 6 डिग्री पर आया पारा, दिन भर सर्द हवाएं चलने से बढ़ी सिहरन
श्योपुर,
बीते दो दिन से सर्दी से मिल रही थोड़ी राहत मंगलवार को उस समय काफूर हो गई, जबकि मौसम पर मकर संक्रांति का असर दिखा और न्यूनतम तापमान एक ही दिन में साढ़े तीन डिग्री गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अचानक तापमान गिरने से गलन और ठिठुरन बढ़ गई, वहीं दिन भर चली सर्द हवाएं भी नस्तर से चुभती रहीं। नए साल 2019 में ये पहली बार है जब कि तापमान 6 डिग्री पर पहुंचा।
हालांकि जिले में सर्दी का दौर बीते एक माह से जारी है, लेकिन न्यूनत तापमान बढऩे से कुछ राहत मिल रही थी। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद उत्तर भारत से ठंडी हवाएं आने लगी हैं। यही वजह रही कि 24 घंटे में श्योपुर का पारा काफी तेजी से गिरा। मंगलवार की सुबह जब लोग उठे तो अन्य दिनों की अपेक्षा काफी गलन रही, जिससे मॉर्निंग वॉक करने वालों सहित सुबह ही कामकाज पर निकलने वाले लोग ठिठुरते नजर आए। वहीं दोपहर तक आसमान पर छितराए बादल भी छाए रहे तो सर्द हवाएं भी चली, जिससे लोग दिन भर गर्म कपड़ों में दुबके रहे, तो कई जगह धूप सेकते नजर आए। भारतीय संस्कृति में मान्यता भी है कि मकर संक्रांति पर सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण होता है तो सर्दी पढ़ती है। हालांकि इस सीजन में गत दिसंबर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन नए साल के पहले पखवाड़े में मंगलवार की रात सबसे सर्द रही।
अभी रहेगी शीतलहर
मौसम प्रेक्षक रमेश चंद शर्मा ने बताया कि सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस था, जो मंगलवार को गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शर्मा ने बताया कि उत्तरी इलाकों में हुई बर्फबारी और हवा चलने से शीतलहर की स्थिति बनी है, जो दो-तीन दिन तक जारी रहने की संभावना है।
यूं गुजरा नए साल 2019 का पहला पखवाड़ा
दिनांक न्यून अधिक
15 जनवरी 6.0 00.0
14 जनवरी 9.4 20.2
13 जनवरी 9.0 21.6
12 जनवरी 8.4 20.8
11 जनवरी 8.0 20.4
10 जनवरी 7.0 20.4
9 जनवरी 7.4 20.0
8 जनवरी 8.0 19.0
7 जनवरी 9.0 18.0
6 जनवरी 10.2 19.0
5 जनवरी 11.4 22.4
4 जनवरी 9.2 19.4
3 जनवरी 9.0 21.4
2 जनवरी 7.8 20.4
1 जनवरी 7.8 20.4