सीधी

Hot Seat: घरेलू सीट पर कद्दावर नेता को हराया था, फिर बने भाजपा के भरोसेमंद

mp assembly election 2023-अच्छे ट्रैक रिकॉर्ड का प्रतिफल गोंगपा से राजनीतिक सफर शुरू कर करने वाले शरदेंदु अब पक्के भाजपाई

2 min read
Oct 10, 2023

किसी समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे और मुख्यमंत्री के दावेदारों में शुमार रहे अजय सिंह को उनकी घरेलू चुरहट सीट पर शिकस्त देकर उलटफेर करने वाले शरदेंदु तिवारी को भाजपा ने पिछले उम्दा प्रदर्शन का प्रतिफल दिया है। वे पार्टी की चौथी सूची में निर्विवाद और विश्वसनीय प्रत्याशियों में शुमार हैं। कांग्रेस ने अभी पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन आसार इसी के ही हैं कि अजय सिंह एक बार फिर मैदान में होंगे। इसका अर्थ है कि 2023 का विधानसभा चुनाव इस सीट पर 2018 की पुनरावृत्ति होगा। परिणाम भी दोहराया जाएगा या नहीं, यह 3 दिसम्बर को चुनाव परिणाम सामने आने के बाद ही पता लग सकेगा।

लगातार तीसरा चुनाव

शरदेंदु का इस सीट पर यह लगातार तीसरा और कुल चौथा चुनाव होगा। 2008 में वे गोंडवाणा गणतंत्र पार्टी के उम्मीदवार के रूप में पहली बार इस सीट से उतरे थे। 2013 में वे दूसरी बार मैदान में कूदे। अंतर इतना था कि इस बार वे भाजपा उम्मीदवार थे। पर तब जीत का परचम नहीं फहरा पाए थे। लेकिन 2018 में जब आधे से ज्यादा प्रदेश में भाजपा को नीचा देखना पड़ा था, तब शरदेंदु ने यहां अजय सिंह को मात देकर धमाका कर दिया था। वह उनका इस सीट से तीसरा चुनाव था। चुरहट पर बीस साल से अजय सिंह का कब्जा था, जो उन्होंने खत्म कर दिया। इससे पहले शरदेंदु तिवारी ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से की थी। इसी पार्टी से उन्होंने पहला विधानसभा चुनाव 2008 में लड़ा था। प्रदेश मे शिवराज सिंह चौहान की लहर के बावजूद उन्होंने 20,000 से ज्यादा वोट बटोरे थे। बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए और अब वे पक्के भाजपाई हैं।

बाबा की विरासत को आगे बढ़ा रहे शरदेंदु

चुरहट कांग्रेस की परंपरागत सीट रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता अर्जुन सिंह का सफर यहीं से शुरू हुआ था। इनके बेटे अजय सिंह भी यहीं से दावेदारी करते हैं। हालांकि 1968 में विधायक शरदेंदु तिवारी के बाबा चंद्रप्रताप तिवारी सोशलिस्ट पार्टी से चुनाव लड़े और अर्जुन सिंह को शिकस्त दी थी। बाबा की सियासी विरासत को अब नाती शरदेंदु आगे बढ़ा रहे हैं।

तीन सीटों पर भाजपा प्रत्याशी घोषित

भाजपा जिले की तीन विधानसभा सभा सीट सीधी रीति पाठक, सिहावल विश्वामित्र पाठक और अब चुरहट शरदेंदु तिवारी को मैदान में उतार चुकी है। इनमें रीति पाठक सांसद हैं। अब सिर्फ धौहनी सीट पर प्रत्याशी की घोषणा बाकी है।

Updated on:
10 Oct 2023 02:57 pm
Published on:
10 Oct 2023 02:55 pm
Also Read
View All