
खाटूश्यामजी। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने शनिवार को सीकर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल खाटूश्यामजी पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में धोक लगाई और आगामी विधानसभा चुनाव परिणामों से पहले जीत का आशीर्वाद मांगा। उनके इस धार्मिक दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खाटू धाम पहुंचे, जहां श्री श्याम मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा श्याम से असम और देश की खुशहाली की कामना की।
यह वीडियो भी देखें
दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि बाबा श्याम की कृपा सभी पर बनी रहे और देश निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़े। मीडिया से बातचीत में सीएम सरमा ने असम विधानसभा चुनाव को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और पार्टी को 90 से 100 सीटें मिलने की संभावना है।
उन्होंने यह भी कहा कि असम में चुनाव लोकतंत्र के उत्सव की तरह मनाए जाते हैं, जहां लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और पूरा माहौल शांतिपूर्ण रहता है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सरमा ने कहा कि हालिया विवाद में फोटो एडिटिंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल कर झूठे दस्तावेज तैयार किए गए हैं, जिन पर कानून अपना काम करेगा।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों के पास रही और पुलिस बल तैनात रहा। रींगस पुलिस और खाटू थाना पुलिस भी मुस्तैद रही।
गौरतलब है कि असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रेल को मतदान संपन्न हो चुका है और अब 4 मई को परिणाम घोषित होने हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री का खाटूश्यामजी पहुंचकर पूजा-अर्चना करना राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। बता दें कि असम के सियासी इतिहास में पहली बार रिकॉर्ड वोटिंग हुई है। असम में इस बार 85.89 फीसदी मतदान हुआ है, जो पिछले चुनाव से करीब साढ़े तीन फीसदी ज्यादा है। असम के कुल 35 जिलों में से 26 जिलों में 80 फीसदी से ऊपर मतदान रहा।