13 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bhuj-New Delhi Train: भुज-नई दिल्ली ट्रेन का टाइम टेबल बना विवाद की वजह, जालोर में उठी बदलाव की मांग

Bhuj–Delhi Train Timetable: भुज-नई दिल्ली ट्रेन के संभावित टाइम टेबल को लेकर जालोर जिले में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

4 min read
Google source verification
24 अप्रैल तक ट्रेनों में वेटिंग लंबी, रुटीन की ट्रेन में नहीं मिल रही कन्फर्म टिकट, इन 23 समर स्पेशल ट्रेनों में करें सफर(photo-patrika)

24 अप्रैल तक ट्रेनों में वेटिंग लंबी, रुटीन की ट्रेन में नहीं मिल रही कन्फर्म टिकट, इन 23 समर स्पेशल ट्रेनों में करें सफर(photo-patrika)

जालोर। भुज-नई दिल्ली-भुज ट्रेन के संचालन को लेकर जो टाइम टेबल चर्चा में है, उसे लेकर जिलेवासियों में आक्रोश है। जनप्रतिनिधि भी दबे स्वर में इसमें आंशिक बदलाव के साथ भुज स्टेशन से एक घंटे देरी से, दोपहर 1 बजे संचालन की मांग कर रहे हैं। जालोर जिले से जयपुर और दिल्ली जाने वाली तमाम निजी बसों का संचालन शाम के समय ही होता है।

यह वीडियो भी देखें

बसों के शेड्यूल टाइम के अनुसार ये सभी सुबह 5 से 7 बजे के बीच जयपुर पहुंचती हैं। वहीं सुबह 6 से 10 बजे के बीच सभी बसें दिल्ली पहुंचती हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से इस ट्रेन का जालोर के विभिन्न स्टेशनों का संभावित टाइम टेबल जारी किया गया है, जिसमें जिलेवासी बदलाव चाहते हैं। इसके पीछे महत्वपूर्ण तर्क भी हैं और भुज व दिल्ली से संभावित टाइम टेबल में 1 घंटे के बदलाव से यह व्यवस्था कायम हो सकती है।

जयपुर-दिल्ली की यात्रा शाम को ही

जिले से जयपुर-दिल्ली तक की यात्रा लोग शाम को ही करते हैं। भुज-नई दिल्ली ट्रेन के संभावित टाइम टेबल में यह ट्रेन शाम 7.37 बजे जालोर पहुंचेगी। भुज से एक घंटे देरी से संचालन होने पर यह ट्रेन शाम 8.37 बजे जालोर पहुंचेगी, जिससे शाम के समय जरूरी काम निपटाने के बाद यात्री आराम से जालोर समेत जिले के भीनमाल, रानीवाड़ा, मोदरान जैसे अहम स्टेशनों से यात्रा कर सकेंगे। रिवर्सल समय कम करने पर 30 मिनट की बचत होने से ट्रेन सुबह 7 बजे जयपुर और दोपहर 12.15 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

वापसी में संशोधन की दरकार

संभावित टाइम टेबल के अनुसार इस ट्रेन की दिल्ली से रवानगी शाम 4.40 बजे है। यहां से इस ट्रेन की रवानगी 40 मिनट पहले करने पर जालोर जिले के यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकती है। ट्रेन की दिल्ली से रवानगी शाम 4 बजे करने और मारवाड़ जंक्शन व लूनी में रिवर्सल समय 30 मिनट कम करने पर यह ट्रेन वापसी में शाम 7.30 बजे जालोर पहुंच सकेगी, जो बसों के नियमित समय के अनुरूप है। सुबह 10 बजे तक मोदरान, भीनमाल, रानीवाड़ा के यात्री भी अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

इस तरह के संशोधन की भी आवश्यकता

भुज से इस ट्रेन के संचालन का संभावित टाइम टेबल सुबह 11.15 बजे है। इसे दोपहर 12.15 बजे करने और लूनी-मारवाड़ जंक्शन के रिवर्सल समय को 15-15 मिनट कम करने पर ट्रेन नई दिल्ली दोपहर 12.15 बजे पहुंच सकेगी, जो दिल्ली के बाजार खुलने का समय भी है। इससे दिल्ली पहुंचने वाले यात्रियों को खरीदारी और आगे की यात्रा के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।

भुज से दिल्ली का वर्तमान में संभावित टाइम टेबल

ऑफिशियल टाइम टेबल और ऑपरेटिंग सूचना जारी होनी है, लेकिन जो टाइम टेबल चर्चा में है, उसके अनुसार भुज से सुबह 11.15 बजे यह ट्रेन रवाना होगी। इसी तरह भीलड़ी से शाम 5.15 बजे, जालोर 7.40 बजे, लूनी रात 9.55 बजे, पाली रात 10.53 बजे, जयपुर सुबह 6.20 बजे, रेवाड़ी सुबह 9.55 बजे और दिल्ली सुबह 11.45 बजे पहुंचेगी।

दिल्ली से भुज का वर्तमान संभावित टाइम टेबल

दिल्ली से इस ट्रेन की रवानगी शाम 4.40 बजे प्रस्तावित है। रेवाड़ी से 7.27 बजे, जयपुर रात 11.25 बजे, पाली सुबह 5.50 बजे, लूनी 7 बजे, जालोर 8.53 बजे, भीलड़ी दोपहर 1.05 बजे और भुज शाम 7.35 बजे पहुंचेगी।

वायरल लेटर का टाइम टेबल ज्यादा फिजिबल था

सोशल मीडिया पर 9 मार्च को रेलवे बोर्ड को भेजा गया एक पत्र वायरल हुआ था। उस पत्र का टाइम टेबल वर्तमान जरूरतों के हिसाब से ज्यादा बेहतर माना जा रहा है। पत्र के अनुसार ट्रेन भुज से दोपहर करीब 12 बजे रवाना होनी थी। इसी तरह शाम 5.50 बजे भीलड़ी, शाम 8.25 बजे जालोर, रात 10.50 बजे लूनी, देर रात 1 बजे मारवाड़ जंक्शन, सुबह 4 बजे अजमेर, सुबह 6.20 बजे जयपुर, सुबह 9.55 बजे रेवाड़ी और दोपहर 11.45 बजे दिल्ली पहुंचनी थी।

लेटर में वापसी का टाइम टेबल भी बेहतर था

9 मार्च के इस पत्र के अनुसार दिल्ली से वापसी में ट्रेन दोपहर 3.30 बजे रवाना होनी थी। जयपुर यह ट्रेन रात 9.15 बजे पहुंचती, रात 11.40 बजे अजमेर, सुबह 4.40 बजे लूनी, सुबह 6.42 बजे जालोर, 10.15 बजे भीलड़ी और शाम 4.45 बजे भुज पहुंचती। इस टाइम टेबल के अनुसार संचालन होने पर जयपुर और अजमेर जैसे बड़े शहरों से यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलता। वर्तमान संभावित टाइम टेबल में जयपुर से वापसी का समय रात 11.25 बजे है, जबकि पत्र में यह समय रात 9.15 बजे था।

इन महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव भी जरूरी

समदड़ी-भीलड़ी रेल खंड में सांचौर क्षेत्र के यात्रियों को राहत देने के लिए रानीवाड़ा में ठहराव जरूरी है। इसके अलावा भीनमाल, मोदरान और मोकलसर भी महत्वपूर्ण स्टेशन हैं, जहां ट्रेन का ठहराव होना चाहिए।

टॉपिक एक्सपर्ट

जालोर से जयपुर और दिल्ली तक रात के समय ही सबसे अधिक यात्री यात्रा करते हैं। भुज से जयपुर-दिल्ली तक चलने वाली ट्रेन रात 8 या 9 बजे जालोर पहुंचेगी तो अधिक लाभ मिलेगा। इसका सीधा अर्थ है कि यह ट्रेन शाम 7.14 बजे भीनमाल और 6.30 बजे रानीवाड़ा पहुंचेगी, जिससे यात्री संख्या बढ़ेगी।

  • गोपाल जोशी, सेवानिवृत्त स्टेशन अधीक्षक

इन्होंने कहा

पूरे जालोर जिले के लिए यह ट्रेन महत्वपूर्ण साबित होगी। जो टाइम टेबल चर्चा में है, वही बेहतर है। सांचौर से बड़ी संख्या में युवा जयपुर और दिल्ली तक यात्रा करते हैं। उनके लिए यह ट्रेन जीवनरेखा साबित होगी।

  • जीवाराम चौधरी, विधायक, सांचौर

जालोर की जनता की मांग पर इस ट्रेन की घोषणा हुई है। जिले की 22 लाख आबादी की उम्मीदें इस ट्रेन पर टिकी हैं। शाम के समय जालोर, भीनमाल, रानीवाड़ा और मोदरान स्टेशनों पर ठहराव करते हुए यह ट्रेन सुबह जयपुर और दोपहर में नई दिल्ली पहुंचे। इस संबंध में रेल मंत्री से चर्चा भी हुई थी। इसी शेड्यूल में जनता और रेलवे दोनों का फायदा है।

  • लुंबाराम चौधरी, सांसद, जालोर-सिरोही