सीकर

रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकियां… जिले के पांच व्यवसाइयों व नेताओं को मिली सुरक्षा

- कुचामन हत्याकांड के बाद हरकत में पुलिस, धमकियों के बाद फतेहपुर के दो व्यवसाइयों ने छोड़ा शहर - लॉरेंस विश्नोई गैंग के हिस्ट्रीशीटर रोहित गोदारा, राहुल स्वामी व हरि बॉक्सर ने विदेशी नंबरों से दी थी धमकियां
2 min read
Oct 13, 2025
Lawrence Bishnoi and Rohit Godara
लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा-फाइल फोटो

यादवेंद्र सिंह राठौड़

सीकर. कुचामन सिटी में गैंगस्टर रोहित गोदारा के गुर्गों की ओर से स्थानीय व्यापारी रमेश रुलाणिया की हत्या के बाद सीकर जिले में पुलिस अलर्ट मोड़ पर है। जिले के पांच व्यवसाइयों एवं नेताओं को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। इनमें फतेहपुर शेखावाटी के तीन व्यवसाइयों को एक-एक हथियारबंद पुलिस जवानों की सुरक्षा दी है। वहीं खाटूश्यामजी के कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव श्याम सुंदर पूनियां और नीमकाथाना के भाजपा नेता और खनन कारोबारी महेंद्र गोयल को भी गनमैन उपलब्ध करवा रखे हैं। दूसरी धमकियों के बाद फतेहपुर के दो कारोबारी शहर छोड़कर विदेश चले गए हैं। गौरतलब है कि लॉरेंस गैंग के रोहित गोदारा उर्फ रोहित स्वामी, वीरेंद्र चारण, राहुल स्वामी के विदेश में बैठे गुर्गों ने पिछले दिनों में जिले के करीब 15 कारोबारियों, भाजपा व कांग्रेस नेताओं को रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकियां दी थी।

हथियारबंद जवान लगाए -

फतेहपुर कोतवाल सुरेंद्र देगड़ा ने बताया कि कुचामन हत्याकांड के बाद से फतेहपुर के व्यापारी कानाराम पौद्दार, नरेन्द्र हुड्डा तथा बाबूलाल खूडी को एक-एक हथियार बंद पुलिसकर्मी सुरक्षा के लिए लगाए हैं। वहीं दो अन्य व्यापारी अपने व्यवसाय के चलते विदेश चले गए हैं। उक्त दोनों को भी रंगदारी की धमकियां दी गई थी। कानाराम का फतेहपुर में प्रोपर्टी का कारोबार और कपड़े का शोरूम है। जबकि नरेंद्र हुड्डा व मांडेला बड़ा के पूर्व सरपंच दूलाराम थोरी के बेटे बाबूलाल खूड़ी प्रोपर्टी व्यवसायी हैं।

थ्रेट मिलने पर दो व्यवसायी विदेश गए -

पुलिस के अनुसार फतेहपुर शेखावाटी के दो व्यवसायी विदेश चले गए हैं। इन्हें जान से मारने व धमकी भरे वॉइस मैसेज भेजे गए थे। 8 से 13 सितंबर के बीच फतेहपुर के आधा दर्जन व्यापारियों को रंगदारी की धमकियां मिली थी। बताया जा रहा है कि फतेहपुर सदर थाना के हिस्ट्रीशीटर राहुल स्वामी ने विदेश में बैठे-बैठे ही अपने गुर्गों के जरिए व्यापारियों के मोबाइल नंबर, व्यवसाय व अन्य जानकारियां जुटाकर धमकी दिलवाई।

भाजपा- कांग्रेस से जुड़े कारोबारी नेता भी निशाने पर

लॉरेंस गैंग के कुख्यात बदमाश हरि बॉक्सर ने 26 सितंबर को खाटूश्यामजी सहकारी समिति अध्यक्ष एवं कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव श्याम सुंदर पूनियां को रंगदानी के लिए धमकियां दी थी। चेतावनी दी कि डिमांड पूरी नहीं की गई तो गोली मार दी जाएगी। उन्होंने 28 सितंबर को खाटूश्यामजी थाना में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने पूनियां की सुरक्षा के लिए एक गनमैन दे रखा है।

वॉइस मैसेज में कहा कोई नहीं बचा पाएगा

नीम का थाना क्षेत्र के भाजपा नेता और खनन कारोबारी महेंद्र गोयल व उसके भाई दौलत राम को 12 जून को फिरौती की धमकी दी गई। आरोप है कि दौलतराम से गैंगस्टर रोहित गोदारा ने वॉइस कॉल के जरिए 5 करोड़ की रंगदारी मांगी। नहीं देने पर परिवार को खत्म करने की धमकी दी। कॉल नहीं उठाने पर 26 सेकंड का वॉइस मैसेज भेजा। जिसमें कहा कि डीपी चाहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या गृहमंत्री अमित शाह के साथ हो, उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। उसने माइंस और क्रेशर को मिट्टी में मिलाने की धमकी दी। इस पर गोयल को गनमैन उपलब्ध करवाया गया।

सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता

विदेश में बैठे गैंगस्टर्स से रंगदारी व जान से मारने की धमकियां मिलने पर फतेहपुर शेखावाटी के तीन व्यापारियों को चार दिन पहले सुरक्षा उपलब्ध करवाई है। इससे पहले नीमकाथाना व खाटूश्याजी के एक-एक व्यापारी को भी गनमैन उपलब्ध करवाए हुए हैं। आमजन हो, व्यापारी या नेता सभी की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।

- प्रवीण नायक नूनावत, पुलिस अधीक्षक, सीकर

Updated on:
13 Oct 2025 12:22 pm
Published on:
13 Oct 2025 12:13 pm
Also Read
View All