
राज्य सरकार ने विधायकों की अनुशंषा के आधार पर पांच-पांच करोड़ की स्वीकृति जारी कर दी है। लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए भी 14 सड़क मंजूर हुई है। इस राशि से सड़कों के नवीनीकरण व नई सड़कों के कार्य होने है। लक्ष्मणगढ़ विधायक व पीसीसी चीफ गोविन्द सिंह डोटासरा ने बताया कि कूदन से पालड़ी सड़क नवीनीकरण के लिए 50 लाख का बजट स्वीकृत हुआ है।
वहीं झिलमिल से बालाजी ढाणी, नवलगढ़-जोगियो का बास सड़क से डिडवानियो की ढाणी बिडोदी बड़ी, भोजासर बड़ा से भोजासर छोटाा, बऊ चौराहे से माताजी धाम सड़क नवीनीकरण कार्य होगा। उन्होंने बताया कि जैतपुरा से सीकर-डीडवाना मार्ग का नवीनीकरण, बिड़ोली छोटी सड़क से झाड़ेवा, एसएच 20 से रामानंद की ढाणी नासनवा, एसएच बीदासर से शिव मंदिर गुसाईयों की ढाणी, बीदासर नेणो की ढाणी से ओलागढ़ होते हुए खेड़ी राड़ान, सोला से न्याजिया जोहड़ा मंगलूणा, पालड़ी-पोसानी से रघुनाथ मील के घर तक सड़क व नाली, पहलाणा जोहड़ा से पाबूदान आश्रम होते हुए शिवराना का बास तक व बोदलासी से सावलाई तलाई तक सड़क निर्माण कार्य होंगे।
एसएच 20 से रामानंद की ढाणी नासनवा पर सबसे ज्यादा लगभग 81. 25 लाख रुपए खर्च होंगे। पत्रिका से खास बातचीत में डोटासरा ने बताया कि प्रदेश में सरकार भले ही बदल गई हो लेकिन लक्ष्मणगढ़ की विकास यात्रा जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में सबसे ज्यादा सड़क बनी थी। इससे आमजन को अब तक राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ भाजपा की सरकार 100 दिन की कार्ययोजना के जरिए जनता को सपने दिखाती रही, लेकिन हुआ कुछ नहीं।