
नवलगढ़ (झुंझुनूं). ये वो लोग हैं, जिन्होंने इंसानियत की सारी हदें पार कर दी। अपने ही परिवार की महिला के साथ हैवानियत कर डाली। ना इनका दिल मां को बचाने के लिए गुहार लगा रहे मासूम को देख पसीजा और ना ही महिला की बेबसी पर इनको कोई रहम आया। ये उसे बेरहमी से मारते रहे। जिसको जब मौका मिला हाथ, लात और लाठी से उस पर वार करते रहे।
मार-मार कर उसे अधमरा कर दिया, लेकिन इससे इनका दिल नहीं भरा तो रस्सी बांधकर उसे पेड़ से बांध डाला। यहां तक की उसे फांसी लगाने तक की बात से भी इन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता दिखा। करीब सात मिनट का यह पूरा घटनाक्रम मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। सास, जेठ, जेठानी और उसके बच्चों द्वारा कहर बरपाने का लाइव वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है, जिसने भी इनका ये वीडियो देखा वो इन सब से नफरत करने लगा। मारपीट से बुरी तरह घायल हुई महिला को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है।
यह धटना राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ उपखण्ड के गांव बिलवा की है। मारपीट के तीन दिन बाद सोमवार को वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने पर मामला उजागर हुआ। इस मामले में नवलगढ़ पुलिस ने आरोपित जेठ, जेठानी, सास व भतीजी को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया।
नवलगढ़ सीआई सुरेंद्र सिंह देगड़ा ने बताया कि मारपीट करने वाले मनीराम, उसकी पत्नी मनेष, बेटी संजू व पीडि़त महिला की सास तारादेवी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से न्यायालय के आदेश पर चारों आरोपितों को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर महिला से मारपीट करने के दौरान काम में लिए गए लकड़ी के डंडा व बांधने में काम में ली गई रस्सी भी बरामद की है।
उल्लेखनीय है कि गांव बीलवा तन पुजारी की ढाणी में दो भाइयों दयाराम व मनीराम में जमीनी विवाद चल रहा था। चार दिन पूर्व मनीराम ट्रेक्टर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान दयाराम की पत्नी सुमन ट्रेक्टर के सामने आई और जुताई करने से मना किया।
इस पर मनीराम, उसकी पत्नी मनेष, संजू, तारा देवी आदि ने सुमन के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोपितों ने सुमन को बेरहमी से मारते हुए पेड़ से बंाध दिया और फिर मारपीट की। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मारपीट करने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पैरवी से किया मना
आरोपितों को बुधवार को न्यायालय में पेशी के दौरान वकीलों ने आरोपितों की पैरवी करने से भी मना कर दिया।