
मेडिकल कॉलेज के अधीन कल्याण अस्पताल में सफाई व्यवस्था को लेकर सख्ती बरती जाएगी। अस्पताल परिसर में जगह-जगह क्यू कोड लगाए जाएंगे। क्यू आर कोड आधारित सफाई व्यवस्था से अस्पताल में आने वाले मरीज व परिजनों को सुकून भरा माहौल मिलेगा। अच्छी बात है कि क्यू आर कोड को स्कैन करके कोई भी मरीज या परिजन गंदगी की फोटो अपलोड कर सकेंगे। जिसके बाद प्रबंधन की ओर से फौरन सफाई करवाई जाएगी। वहीं इस प्रक्रिया की मॉनिटरिंग प्रदेश स्तर पर की जाएगी। कल्याण अस्पताल प्रबंधन ने क्यू कोड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सबकुछ ठीक रहा तो कुछ दिन में अस्पताल में यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी।
बनेगी हेल्प डेस्क
सफाई व्यवस्था के प्रथम चरण में अस्पताल के वार्ड, शौचालय व ओपीडी के बाहर क्यू आर कोड लगाए जाएंगे। अस्पताल में आने वाला कोई भी व्यक्ति इस गंदगी का फोटो खींचकर क्यूआर कोड के जरिए फोटो अपलोड कर सकता है। फोटो अपलोड होते ही अस्पताल में बनाई गई हैल्प डेस्क पर इसका मेल चला जाएगा। जहां से सफाई कर्मचारी को भेज कर सफाई करवाई जाएगी। इस नई सफाई व्यवस्था को लागू करने को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के सभी अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
इनका कहना है
क्यू आर कोड बनाए जा रहे है। शुरूआत में क्यूआर कोड वार्ड और टायलेट के बाहर लगाए जाएंगे। जिसके जरिए कोई भी व्यक्ति गंदगी के फोटो खींचकर इस पर अपलोड कर सकता है। जिसका हेल्प डेस्क के माध्यम से समाधान किया जाएगा।
डॉ. महेन्द्र कुमार, अधीक्षक कल्याण अस्पताल