सीकर

सीकर में बारिश ने ली तीन की जान, मासूम बच्ची की जिंदगी इसलिए लगी दांव पर

https://www.patrika.com/sikar-news/
2 min read
• •
Updated: 26 Jul 2018, 3:54 PM IST
Three Death Due to heavy rain in sikar district rajasthan
Three Death Due to heavy rain in sikar district rajasthan

सीकर. जिले सीकर में बरसात अब जान लेने लगी है। बुधवार को तीन हादसों में तीन जनों की मौत हो गई। गांव गांवली में एक बालिका की नदी में बहने से मौत हो गई। नीमकाथाना में एक छात्र पानी में डूब गया, जबकि मावंडा खुर्द में हवेली गिरने से एक महिला की मौत हो गई और उसके दो बेटे घायल हो गए। नीमकाथाना शहर के हीरानगर में स्थित छात्रावास के दो छात्र पानी में डूब गए। किशोरपुरा निवासी हिमांशु व पदेवा निवासी अजय दोनों छात्रावास से अल सुबह बाहर निकले थे।


इसी दौरान पास में स्थित प्लॉट में बने गड्ढ़े में पानी भरा होने से हिमांशु का पैर फिसल गया। घायल अजय ने उसको बचाने की कोशिश की तो वह भी उसके साथ डूब गया। शोर शराबा सुन छात्रावास से दौड़कर आए स्टाफ ने दोनों छात्रों को पानी से तुरंत बाहर निकालकर राजकीय कपिल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया।


छात्र की मौत को लेकर परिजन राजकीय कपिल अस्पताल के सामने जाम लगाकर विरोध जताने लग गए। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को समझाइश कर रास्ता खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने मृतक छात्र का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक अपने मां बाप की इकलौती संतान था। वह सात दिन पहले ही 11 वीं कक्षा में प्रवेश लेकर छात्रावास में रहने लगा था।


बालिका का एक घंटे बाद मिला शव


पाटन थानांतर्गत गांव गांवली की लाका से निकलने वाली नदी में शाम को एक बालिका की बहने से मौत हो गई। सूचना से उपखंड अधिकारी जेपी गौड़,तहसीलदार सरदार सिंह गिल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य शुरू करवाया। प्रशासन ने गणेश्वर से बुलाए तैराकों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद शाम को बालिका के शव को नदी से बाहर निकालवाया।


जानकारी के अनुसार निन्या कंवर (15) दोपहर को भैंस चराने के लिए घर से बाहर गई थी। इस दौरान भैंस का छोटा बच्चा पानी में उतर गया। इस पर वह उसे बचाने के लिए पानी में स्वयं उतर गई। पानी का बहाव ज्यादा होने के कारण वह नदी में बह गई। जैसे ही लोगों को मामले का पता चला तो उन्होंने उसे तलाशना शुरू कर दिया।

खंडहर थी हवेली
नीमकाथाना/मावंडा. गांव मांवडा खुर्द में मंगलवार रात को मकान पर खंडहर हवेली गिरने से एक महिला की मौत हो गई तथा दो युवक घायल हो गए। ग्रामीणों ने मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाल कर कपिल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने घायल आंची देवी (35) पत्नी मूलचंद को मृत घोषित कर दिया।


बाढ़ जैसे हालात
छावनी मेंं तो हालात बाड जैसे हो गए। लोगों के घरों में पानी भरा गया। प्रशासन ने आधा दर्जन परिवारों को मकान खाली करवा कर दूसरे स्थान पर भेजा। खेतड़ी मोड के पीछे स्थित एक बेसमेंट में पानी भर जाने से किराणा दुकान का लाखों रुपए का सामान खराब हो गया।


मकान गिरा
श्रीमाधोपुर. क्षेत्र में जोरदार बरसात हुई। तेज बारिश से कोटड़ी में एक मकान गिर गया। गांव के सुभाष कुमावत के दो कमरे गिर गए।


फंसे वाहन
ढाणी जयरामकावाली पर पृथ्वीपुरा की ओर जाने वाले रेलवे फाटक पर बने अंडर पास में भरे पानी में एक पिकअप व बाइक फंस गई।


स्कूलों में भरा पानी
चला. मोहल्ला कुड़ी बालिका विद्यालय में पानी भर गया। ठीकरिया व काटली नदी में भी पानी आया।

Published on: