
शेखावाटी में सर्दी का थर्ड डिग्री टॉर्चर फिर शुरू हो गया। अंचल में सोमवार को तापमान फिर गिर गया। जो अंचल के फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र में दो डिग्री गिरकर 3.5 डिग्री दर्ज हुआ। उतरी हवाओं के साथ गिरे पारे से अंचल में सर्दी का असर अचानक बढ़ गया। जिससे बचने के लिए लोग सुबह जगह-जगह अलाव जलाने की जुगत करते थी दिखे। हालांकि धूप खिलने के बाद सर्दी से कुछ निजात मिली है।
कोहरे ने ढकी सुबह
इससे पहले शेखावाटी के कई इलाको में सुबह कोहरा भी छाया रहा। जो ग्रामीण व खुले इलाको में ज्यादा रहा। इससे दृश्यता प्रभावित होने के साथ वाहन चालकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। हेडलाइट चालू रखने पर भी उनके लिए 100 मीटर दूर देखना भी दूभर रहा। दिन चढ़ने के साथ घटे कोहरे के बाद वाहन चलाना सुगम हो सका।
22 तक गिरेगा पारा, फिर बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में 22 दिसंबर तक मौसम साफ व सूखा रहेगा। इस दौरान तापमान में कमी का दौर जारी रह सकता है। पर इसके बाद हिमालय में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। जिसके असर से प्रदेश में बादल छाने के साथ कहीं कहीं बारिश का असर भी देखने को मिल सकता है। जिससे तापमान में एकबारगी फिर चढ़ाव आएगा। पर इसके बाद फिर मौसम साफ होने से महीने के अंत तक सर्दी का असर फिर बढ़ जाएगा।