
सिरोही: आबूरोड से निकटवर्ती चंद्रावती गांव के पास डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर रेललाइन पर रविवार देर शाम एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां एक मालगाड़ी की चपेट में आने से दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक सुबह अपने घर से मजदूरी पर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन शाम को उनकी मौत की खबर घर पहुंची। इस हादसे के बाद से मृतक युवकों के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रीको थाने के उप निरीक्षक पुखराज ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रावती के पास डीएफसी लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रेन की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
मृतकों की पहचान ग्राम पंचायत क्यारिया के रेडवाकला निवासी 18 वर्षीय राकेश और 18 वर्षीय प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस का अनुमान है कि संभवतः रेलवे ट्रैक पार करते समय दोनों युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारणों का पता पूरी जांच के बाद ही चल पाएगा कि यह महज एक हादसा था या कोई अन्य वजह थी।
मृतक प्रकाश के पिता सूरमाराम ने रुआंसे गले से बताया कि उनका बेटा प्रकाश और उनके भाई धनाराम का बेटा राकेश, दोनों रविवार सुबह आबूरोड चेकपोस्ट पर मजदूरी के लिए जाने का कहकर घर से निकले थे। जब देर शाम तक दोनों वापस घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता होने लगी और उन्होंने आसपास तलाश शुरू की।
इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि चंद्रावती के पास रेलवे ट्रैक पर दो युवक ट्रेन की चपेट में आ गए हैं। बदहवास हालत में जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो वहां प्रकाश और राकेश के शव पड़े देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दोनों कमाऊ बेटों की अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है।