सिरोही जिले में पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के वरली गांव में सोमवार को जमीनी विवाद को लेकर छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की लाठी से हमला कर हत्या कर दी। सिर और पसलियों पर वार करने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
Sirohi News : सिरोही। जिले में पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के वरली गांव में सोमवार को जमीनी विवाद को लेकर छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की लाठी से हमला कर हत्या कर दी। सिर और पसलियों पर वार करने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। झगड़े के दौरान पति को बचाने आई पत्नी पर भी वार कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पिंडवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। मौके से फरार हुए आरोपी छोटे भाई को डिटेन किया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पिंडवाड़ा क्षेत्र के वरली गांव निवासी वीरमाराम और उसके छोटे भाई भानाराम पुत्र रतनाराम के बीच सोमवार को जमीन को लेकर विवाद हो गया। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों भाइयों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। गुस्से में आए भानाराम ने पास में पड़ी लाठी उठाकर अपने बड़े भाई वीरमाराम पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और पसलियों में चोट आने से वीरमाराम की मौके पर ही मौत हो गई। इससे परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने बताया कि मृतक वीरमाराम की पत्नी जमनी देवी अपने पति को बचाने के लिए आई तो उसके भी हाथों व अन्य जगह चोटें आई है। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को पिंडवाड़ा सीएचसी पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि बड़े भाई वीरमाराम के दो बेटों की मौत हो चुकी है। अब उसके एक पोता व एक पोती है। इसके चलते आरोपी छोटा भाई भानाराम उसके हिस्से की जमीन हड़पना चाहता था। इसको लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पिंडवाड़ा थानाधिकारी महेन्द्रकुमार सिरवी ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच जमीनी विवाद चल रहा था। इसको लेकर आरोपी छोटे भाई भानाराम ने अपने बड़े भाई वीरमाराम पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर फरार हुए आरोपी को डिटेन कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।