
Sirohi Wife Murder Case: जावाल (सिरोही): सिरोही की बरलूट थाना पुलिस ने पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसे हार्ट अटैक से हुई प्राकृतिक मौत बताने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पत्नी का गला दबाकर हत्या करने के बाद पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए हार्ट अटैक की झूठी कहानी गढ़ी। लेकिन पुलिस की गहन जांच में पूरा मामला बेनकाब हो गया। पुलिस ने प्रकरण में आरोपी पति जावाल निवासी 36 वर्षीय गजेंद्र सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है, मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 11 जुलाई को मृतका पूनम कंवर के भाई भारत सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को प्रताड़ित करता था और उसकी हत्या कर दी गई। इस पर बरलूट थाने में मामला दर्ज कर जांच डीएसपी मुकेश चौधरी को सौंपी गई।
प्रारंभिक पूछताछ में मृतका के पति गजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया था कि उदयपुर से जावाल लौटते समय रास्ते में पूनम की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वहीं, मृतका के चचेरे भाई जबर सिंह ने मौत पर संदेह जताते हुए मर्ग दर्ज कराया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि गजेंद्र सिंह अपनी पत्नी के साथ कोयंबटूर में रहता था। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। वह कोयंबटूर से गांव आने के लिए उदयपुर पहुंचा। 9 जुलाई की रात उदयपुर से जावाल लौटते समय गोगुंदा क्षेत्र के पास उसने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद रात करीब डेढ़ बजे हार्ट अटैक से मौत होने की झूठी कहानी बनाकर सभी को गुमराह करने का प्रयास किया।
जांच के दौरान आरोपी ने घटना को लेकर कई बार अलग-अलग बयान दिए, जिससे पुलिस का संदेह गहरा गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं। जांच में स्पष्ट हुआ कि पूनम कंवर की मौत हार्ट अटैक से नहीं, बल्कि गला दबाकर की गई हत्या थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।