
Sirohi Abu Road Murder: आबूरोड (सिरोही): आबूरोड शहर के लुनियापुरा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर शराब पीने के दौरान हुए आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नशे में धुत एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रवि (25) पुत्र छगन भील निवासी लूनियापुरा के रूप में हुई है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे रवि अपने चचेरे भाई शिवा भील के घर पर बैठा था। दोनों साथ में शराब पी रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आपस में झगड़ने लगे। गुस्से में आकर शिवा ने पास रखे चाकू से रवि पर हमला कर दिया। चाकू लगने से रवि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही आबूरोड शहर थाना प्रभारी हरचंद देवासी पुलिस जाप्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और एफएसएल टीम की मदद से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर स्थानीय राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी हरचंद देवासी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला शराब के नशे में हुए आपसी विवाद का है। मृतक और आरोपी आपस में चचेरे भाई हैं और पास-पास ही रहते हैं। आरोपी वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।