सिरोही

Mount Abu: सर्वे ऑफ इंडिया के वीरान खंडहर क्वार्टर में महिला की संदिग्ध मौत, बच्चों को लेकर आधी रात गांव भागा पति

माउंट आबू के सर्वे ऑफ इंडिया परिसर स्थित खंडहरनुमा आवास में 35 वर्षीय महिला चंपा गरासिया का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मौत के कारणों की जांच जारी है।

2 min read
May 21, 2026
माउंट आबू के खंडहरनुमा आवास में महिला का शव मिलने से सनसनी (फोटो-एआई)

माउंट आबू (सिरोही): पर्यटन स्थल माउंट आबू में सर्वे ऑफ इंडिया परिसर स्थित पुराने खंडहरनुमा आवास में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मंगलवार देर शाम शव को कब्जे में लेकर बुधवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द किया। परिजन शव लेकर पैतृक गांव रवाना हो गए। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी दलपत सिंह राठौड़ ने बताया कि उदयपुर जिले के मांडवा थाना क्षेत्र के रोजियाखुणा निवासी चुनाराम पुत्र गोरवा गरासिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पुत्री चंपा (35) का विवाह कुछ वर्ष पूर्व उमरी पादर निवासी रमेश गरासिया से हुआ था। विवाह के बाद से चंपा माउंट आबू में पति के साथ सर्वे ऑफ इंडिया परिसर के पुराने खंडहरनुमा आवास में रह रही थी।

ये भी पढ़ें

राजस्थान के पाली में खिलौने बेचने वाले की निर्मम हत्या, शव से 100 फीट दूर मिला कटा हाथ और जूते, सहम गया पूरा इलाका

दंपती के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उसने बताया कि सोमवार रात रमेश दोनों बच्चों को लेकर अपने पैतृक गांव उमरी पादर पहुंचा और ग्रामीणों को पत्नी चंपा की मृत्यु होने की जानकारी दी। इसकी सूचना मिलने पर चुनाराम परिजनों के साथ माउंट आबू पहुंचे, जहां खंडहरनुमा आवास में चंपा मृत अवस्था में मिली।

परिजनों ने महिला की मृत्यु के कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। बुधवार को डॉ. दीपशिखा गुप्ता, डॉ. तनवीर हुसैन और डॉ. नवीन शर्मा के मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया गया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

आबूरोड: घायल युवक की उपचार के दौरान मौत

तलवार नाका के पास मंगलवार रात कार की टक्कर से रोड किनारे खड़ा युवक गंभीर घायल हो गया, जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

सदर थाना पुलिस के अनुसार डेरी गांव के निचलामाला निवासी बदाराम ने बुधवार को दी रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार रात करीब 9.30 बजे उसका भाई राजूराम व उसका भतीजा वीरमा तलवार नाका से आगे दुकान पर जाने के लिए रोड किनारे खड़े थे। तब कार चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाकर उसके भाई को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। उसे आबूरोड चिकित्सालय लाए, जहां राजूराम की मौत हो गई।

पिंडवाड़ा: इंजेक्शन के बाद मासूम की मौत

पिंडवाड़ा शहर के पुलिस थाने के सामने स्थित एक हॉस्पिटल में इंजेक्शन लगाने के बाद साढ़े तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो जाने पर परिजनों और समाज के लोगों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। पूरी रात चले विरोध के बाद चिकित्सा विभाग ने बुधवार को जांच कर अस्पताल को सील कर दिया।

जानकारी के अनुसार, सिवेरा निवासी जितेंद्र कुमार मेघवाल अपनी पुत्री हेजल परमार को उल्टी की शिकायत पर मंगलवार सुबह चौधरी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। यहां बच्ची को इंजेक्शन लगाया गया। घर लौटने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन दोबारा अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सक नहीं मिला। बाद में बच्ची को आबूरोड ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजन शव लेकर वापस पिंडवाड़ा पहुंचे और अस्पताल के बाहर धरना शुरू कर दिया। सूचना पर जिला चिकित्सा विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया, जिसमें दस्तावेजों और फायर सेफ्टी समेत कई अनियमितताएं मिलने पर अस्पताल को सील कर दिया गया। डीएसपी भंवरलाल चौधरी ने बताया कि मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें

Summer: फिल्म ‘करन-अर्जुन’ वाली इस झील पर जरूर जाएं, राजस्थान के ये 6 ठिकाने गर्मियों में देते हैं कश्मीर जैसा अहसास
Published on:
21 May 2026 08:54 am
Also Read
View All