सिरोही जिले की पिंडवाड़ा थाना पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान 244 ग्राम स्मैक पाउडर के साथ एक पुलिस कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है।
सिरोही। सिरोही जिले की पिंडवाड़ा थाना पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान 244 ग्राम स्मैक पाउडर के साथ एक पुलिस कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्मैक पाउडर जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 49 लाख रुपए बताई जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक सिरोही पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पिंडवाड़ा थानाधिकारी महेंद्र कुमार एवं उप निरीक्षक कमलसिंह की डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध नजर आने पर एक कार को रोका।
कार में सवार व्यक्ति ने पहचान छिपाने का प्रयास किया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी की पहचान विनोद सिंह के रूप में हुई। वह प्रतापगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कांस्टेबल पद पर तैनात है। पुलिस ने कार से 244 ग्राम स्मैक पाउडर जब्त कर कांस्टेबल विनोद सिंह को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विनोद सिंह अपने मित्र अरबाज खान के कहने पर सिरोही में स्मैक की आपूर्ति करने वाला था। पुलिस इस मामले की भी गहनता से जांच में जुटी है कि सिरोही में कहां और किसे सप्लाई देनी थी।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कांस्टेबल लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त था। पूर्व में भी कन्हैयालाल बावरी, कृष्णपाल सिंह व नयूब खान पठान के साथ मिलकर भिवंडी, महाराष्ट्र में स्मैक की आपूर्ति कर चुका है। गिरफ्तार आरोपी विनोद सिंह पुत्र वक्तावर सिंह प्रतापगढ़ जिले के मौखेमपुरा का निवासी है।
थानाधिकारी पिण्डवाडा महेन्द्र सिरवी, डीएसटी टीम के एसआई कमलसिंह, हेड कांस्टेबल जीवाराम, सोहनलाल, कांस्टेबल गजेन्द्रसिंह, शान्ताराम, प्रकाश, कानाराम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।