
फोटो पत्रिका नेटवर्क
पाली। ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में नया गांव के पास एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और उसको तुरंत बांगड़ अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाने के एएसआई राजेन्द्र कुमार ने बताया कि रोहट क्षेत्र के खांडी गांव निवासी उदाराम पुत्र अमराराम जोगी ने रिपोर्ट दी कि उसका पुत्र पप्पूनाथ (25) अपनी पत्नी को लेने अजमेर जा रहा था। वह बाइक से ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर जाडन मार्ग स्थित मुकनविहार के सामने पहुंचा ही था कि पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पप्पूनाथ की बाइक अनियंत्रित होकर पास से गुजर रही दूसरी बाइक से जा टकराई। इसके बाद वह सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर हालत गंभीर हो गई।
पुलिस ने उसे एम्बुलेंस के जरिए तुरंत बांगड़ अस्पताल पहुंचाया, लेकिन, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। मां हनकादेवी को बेटे की मौत की सूचना नहीं दी गई और उन्हें केवल घायल होने की जानकारी दी गई। वे बार-बार बेटे से मिलने की जिद करती रहीं और भावुक होकर कहती रहीं कि “हाथ-पैर टूट भी जाएंगे तो मैं अपने बेटे को संभाल लूंगी।” पप्पूनाथ अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है।
उधर, सुमेरपुर शहर में जवाई बांध रोड स्थित एक स्कूल जा रही वेन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे बजरी से भरे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। गौरतलब है कि वेन में करीब 5-6 बच्चे सवार थे। वेन स्कूली बच्चों को लेने जा रही थी कि अचानक तेज रफ्तार ट्रेक्टर ने टक्कर मार दी । हालांकि वेन में किसी बच्चे को कोई चोट नहीं लगी।
Updated on:
24 Apr 2026 04:29 pm
Published on:
24 Apr 2026 04:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
