
स्कूल में कक्षा के दरवाजे को लात मारता किशोर फोटो। पत्रिका
पाली। जिले के सुमेरपुर उपखंड क्षेत्र के बामनेरा स्थित एक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अनुशासन और मर्यादाओं को तार-तार करने वाली घटना सामने आई है। क्षेत्र से विद्यालय परिसर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें विद्यालय परिसर में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते और मां सरस्वती के मंदिर की गरिमा को ठेस पहुंचाते किशोर दिखाई दे रहे हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दो किशोर बारी-बारी से कक्षा-कक्ष के दरवाजे को लात मारकर तोड़ते नजर आ रहे हैं। इस कोशिश में बच्चें एक दरवाजा तोड़ भी देते हैं।
उनके साथ एक तीसरा साथी भी है, जो इस पूरी घटना का वीडियो बना रहा है। बात यहीं तक खत्म नहीं होती, दरवाजा तोड़ने के बाद ये किशोर परिसर में स्थित सरस्वती माता मंदिर के पास पहुंचते हैं और मंदिर के कपाट को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास करते हैं।
वीडियो के दौरान एक किशोर अपने साथी को बार-बार 'शक्ल-शक्ल' बोलकर कैमरे के सामने चेहरा दिखाने का इशारा करता है, जो इस कृत्य के पीछे सोशल मीडिया पर सस्ती लोकप्रियता पाने की मंशा को उजागर करता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया, जिसके बाद यह वायरल हो गया।
मामला तूल पकड़ने के बाद पाली के सुमेरपुर के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) जीवाराम कुमावत ने मामले का संज्ञान लिया। जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रहा एक किशोर उसी विद्यालय का छात्र है, जबकि दूसरा वहां ननिहाल आया हुआ है। शिक्षा विभाग ने वीडियो से संबंधित बच्चों और उनके अभिभावकों को विद्यालय बुलाया। बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ समझाइश की गई।
इस अप्रिय घटना के बाद उन्हें समझाया गया और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न करने का लिखित आश्वासन लिया। साथ ही क्षतिग्रस्त संपत्ति की भरपाई करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल, शिक्षा विभाग ने पुलिस कार्रवाई के बजाय बच्चों को सुधारने के लिए 'समझाइश' का रास्ता अपनाया है।
विद्यालय परिसर में हुई इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी मिलने के बाद इसकी निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की भी मांग की है।
Updated on:
09 Jun 2026 10:56 am
Published on:
09 Jun 2026 10:49 am
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
