
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस की AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर
Dead Body Found In Pali: पाली जिले के रोहट थाना क्षेत्र के बांडाई गांव के पास स्थित एक खेत में पेड़ से लटका एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर रोहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में शव करीब एक सप्ताह पुराना होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने FSL टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पाली जिले के रोहट थानाधिकारी पाना चौधरी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बांडाई गांव के पास ढलाराम सुथार के खेत में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल की बारीकी से जांच की। इसके बाद एफएसएल टीम को भी बुलाया जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और विसरा एकत्रित कर जांच के लिए सुरक्षित किया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि शव काफी पुराना है और संभवतः करीब एक सप्ताह से पेड़ पर लटका हुआ था। लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण शव सड़ने लगा था। वहीं हाथ और पैरों के पंजे जंगली जानवरों ने नोच लिए है। शरीर पर इनके निशान भी मिले हैं। शव की स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस फिलहाल ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक कौन है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। मामले में आत्महत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से मौत की आशंका को लेकर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के गांवों से लापता लोगों की जानकारी भी जुटा रही है ताकि शव की शिनाख्त हो सके।
शव को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एफएसएल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
25 Jul 2026 12:07 pm
Published on:
25 Jul 2026 12:07 pm
