
पाली शहर स्थित प्रधान डाकघर (पत्रिका फोटो)
India Post Franchise 2026: पाली: बेरोजगार युवाओं, छोटे व्यापारियों और अतिरिक्त आय की तलाश कर रहे लोगों के लिए भारतीय डाक विभाग ने कमाई का नया रास्ता खोला है। विभाग ने फ्रेंचाइजी योजना 2.0 शुरू की है, जिसके तहत डाक सेवाएं प्रदान कर कमीशन पर आय अर्जित की जा सकती है। फ्रेंचाइजी की नई व्यवस्था में केवल स्पीड पोस्ट या पार्सल बुकिंग ही नहीं, बल्कि पिकअप, कलेक्शन और पार्सल डिलीवरी की सुविधा भी फ्रेंचाइजी को सौंपी जाएगी। इससे कार्य का दायरा बढ़ेगा और आय के अवसर भी पहले से अधिक होंगे।
योजना 2.0 के तहत स्पीड पोस्ट डॉक्यूमेंट, स्पीड पोस्ट पार्सल, इंडिया पोस्ट पार्सल (रिटेल एवं कॉन्ट्रैक्चुअल), इंटरनेशनल इएमएस तथा इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेज सर्विस जैसी सेवाओं की बुकिंग की जा सकेगी। इसके अलावा ऑनलाइन क्लिक एंड बुक सेवा के तहत बुक किए गए आर्टिकल्स का पिकअप, कलेक्शन तथा विभाग की ओर से आवंटित पार्सलों का वितरण भी कराया जाएगा।
बुकिंग, पिकअप एवं डिलीवरी पर अलग-अलग कमीशन दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय आर्टिकल्स की बुकिंग एवं पिकअप पर वॉल्यूम आधारित कमीशन का प्रावधान किया गया है। इनलैंड पार्सल की डिलीवरी पर प्रति पार्सल कमीशन, सीओडी राशि संग्रहण पर अतिरिक्त प्रोत्साहन तथा समयबद्ध वितरण पर प्रदर्शन आधारित इंसेंटिव दिया जाएगा। क्लिक एंड बुक सेवा के तहत पिकअप कार्य के लिए प्रति आर्टिकल 25 रुपए तक कमीशन दिया जाएगा।
फ्रेंचाइजी के लिए आवेदनकर्ता की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। सामान्य फ्रेंचाइजी के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। जबकि केवल डिलीवरी कार्य के लिए 10वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते है।
आवेदक को कंप्यूटर का सामान्य ज्ञान, स्थानीय भाषा एवं अंग्रेजी का कार्यात्मक ज्ञान होना चाहिए। उसके पास दोपहिया या चारपहिया वाहन ड्राइविंग लाइसेंस तथा वाहन होना जरूरी है। इसके साथ ही पैन कार्ड होना अनिवार्य है।
योजना का मुख्य उद्देश्य डाक सेवाओं में आमजन की भागीदारी बढ़ाना है। ई-कॉमर्स क्षेत्र में डाक विभाग की पहुंच मजबूत करना और रोजगार के अवसर देना है। विभाग की ओर से पूर्व की फ्रेंचाइजी नीति में बदलाव किया गया है। पहले फ्रेंचाइजी आउटलेट्स पर मुख्य रूप से केवल डाक बुकिंग की सुविधा थी, जबकि नई योजना में अन्य कई सेवाएं जोड़ी है।
-तरुण कुमार शर्मा, डाक अधीक्षक, पाली
Published on:
11 Jun 2026 11:47 am
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
