
जोधपुर. परकोटा शहर में बसा ब्रह्मपुरी क्षेत्र। यहां नाला की गली में लॉकडाउन से पहले सड़क खोद कर सीवरेज लाइन डालने का काम शुरू किया। सीवरेज लाइन काफी हद तक डाल दी गई और उसके बाद काम बंद हो गया। दो माह से अधिक समय तक लॉकडाउन रहा तो काम बंद रहा। लेकिन इसके बाद अब अनलॉक हुआ तो स्थानीय लोगों ने नगर निगम अधिकारियों से काम शुरू करवाने की गुजारिश की। कई चक्कर काटने के बाद भी जब किसी ने सुनवाई नहीं की तो अब स्थानीय लोगों ने खुद ही इस काम को अंजाम तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है।
स्थानीय निवासी महेन्द्र बोहरा ने बताया कि सीवरेज लाइन डालने के बाद इस गली में पुन: सड़क बनाना प्रस्तावित था। सीसी सड़क का टैंडर हो रखा था, लेकिन अनलॉक होने के बाद भी कोई सुध लेने वाला नहीं। एक करीब माह तक कई निगम के चक्कर काटे व अधिकारियों से मुलाकात कर काम शुरू करवाने की मांग रखी। जब सुनवाई नहीं होती देखी तो महेन्द्र बोहरा ने पहल करते हुए यहां कंकरीट बिछाने व सड़क बनाने का काम शुरू करवा दिया। नरेन्द्र त्रिवेदी, मक्खन श्रीमाली व अन्य भी इस काम में सहयोग के लिए उतर आए हैं।