खास खबर

180 के बैठने की व्यवस्था, सात कॉलेज के 445 परीक्षार्थियों ने दी केन्द्र पर परीक्षा

- जीवाजी यूनिवर्सिटी ने परीक्षा से एक दिन पहले फिर बदला परीक्षा केन्द्र -एक कमरे में 25 से 30 छात्र बैठने की क्षमता, बैठाए जा रहे 45 से 50 परीक्षाथी - माफिया ने काटी बिजली लाइन, कैमरे बने शोपीस

2 min read
May 18, 2024

मुरैना. जिले में शुरू हुई एम ए, एम कॉम, एमएससी की परीक्षाओं में नकल के साथ अव्यवस्थाएं भी हावी रहीं। जीवाजी विश्व विद्यालय ग्वालियर द्वारा परीक्षाओं को मजाक बना दिया है। यहां परीक्षा से एक दिन पहले तक केन्द्र बदलते रहते हैं, जिससे अव्यवस्थाएं फैल रही हैं।
जिले के पोरसा शासकीय कॉलेज में छह कमरे के हिसाब से 180 परीक्षार्थी बैठाने की व्यवस्था है लेकिन यहां छह कॉलेजों का परीक्षा केन्द्र बना दिया। शुक्रवार को यहां 445 छात्र- छात्राओं ने परीक्षा दी। स्थिति यह थी कि कॉलेज में फर्नीचर नहीं था, किराए पर टेंट से मंगाना पड़ा। एक टेबिल पर तीन- तीन परीक्षार्थी बैठाए गए, ऐसी स्थिति में नकल कैसे रोकी जा सकती है। पोरसा के श्रीराम कॉलेज का परीक्षा केन्द्र पहले मुरैना जिला मुख्यालय स्थित शासकीय पी जी कॉलेज में किया गया और परीक्षा से एक दिन पहले केंसिल करके पोरसा के शासकीय कॉलेज में परीक्षा केन्द्र कर दिया। इस कॉलेज में पहले से छह कॉलेजों का सेंटर था फिर भी यूनिवर्सिटी ने संचालक के कहने पर यह सब किया गया। यूनिवर्सिटी का यह पहला मामला नहीं हैं, इससे पूर्व भी यूनिवर्सिटी ने बानमोर और कैलारस के परीक्षा केन्द्रों को निरस्त करके मुरैना के शासकीय पी जी कॉलेज व विधि महाविद्यालय में किया गया और आदेश जारी किया कि संबंधित कॉलेजों को तीन साल तक परीक्षा केन्द्र नहीं बनाया जाएगा लेकिन उसके कुछ दिन बाद फिर से शासकय कॉलेजो से परीक्षा केन्द्र हटाकर निजी कॉलेजों में भेज दिया। विश्व विद्याय प्रशासन परीक्षाओं को लेकर गंभीर नहीं हैं।
माफिया ने काटी या खराब हुई बिजली, बंद रहे कैमरे
शासकीय महाविद्यालय पोरसा में इसलिए कैमरे लगाए गए कि नकल नहीं हो। लेकिन यहां परीक्षा के पहले दिन बिजली सप्लाई बंद रही। बिजली सप्लाई को नकल माफिया ने कटवाया या फिर खराब हुई, यह तो जांच का विषय है लेकिन माफिया अपने मंसूबे कामयाब रहा। हालांकि कॉलेज प्रबंधन धनेटा गांव के लोगों द्वारा काटने की बात कह रहा है।
इन कॉलेजों के परीक्षा केन्द्र
शासकय कॉलेज पोरसा में जिन प्राइवेट कॉलेजों के परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, उनमें आर बी एस कॉलेज, शिवम महाविद्यालय, श्रीराम कॉलेज, एन ए एस कॉलेज, राजा अनंगपाल सिंह कॉलेज रुधावली, पं. दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज शामिल हैं। खास बात यह है कि छात्रों की संख्या के हिसाब से परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त संसाधन भी नहीं हैं।
केन्दा्रध्यक्ष मृगेन्द्र सिंह तोमर से पत्रिका की सीधी बात
पत्रिका: शासकीय कॉलेज पोरसा में कितने निजी कॉलेजों का परीक्षा केन्द्र है।
सीएस: सात निजी महाविद्यालय हैं।
पत्रिका: शासकीय पोरसा कॉलेज को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है, यहां व्यवस्था है क्या।
सीएस: यूनिवर्सिटी को पत्र लिखकर अवगत कराया जा चुका था कि हमारे छात्रों की संख्या के हिसाब से व्यवस्था नहीं हैं।
पत्रिका: कितने परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था है और कितने बैठ रहे हैं।
सीएस: कॉलेज में छह कमरे हैं, इस लिहाज से 180 के बैठने की क्षमता है और पहले दिन 445 परीक्षार्थी केन्द्र पर शामिल हुए।
पत्रिका: बिजली माफिया ने काट दी या खराब हो गई थी।
सीएस: धनेटा गांव के लोग कॉलेज की बिजली की लाइन को काटकर अपने तार डाल देते हैं इसलिए बिजली सप्लाई बाधित हो जाती है।

Published on:
18 May 2024 03:25 pm
Also Read
View All