खेल

Women’s T20 World Cup: बांग्लादेश पर शानदार जीत से पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर भारत, शेफाली वर्मा बनी प्लेयर ऑफ मैच

India Women vs Bangladesh: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार रखीं। शेफाली वर्मा ने 34 गेंदों में 53 रन की शानदार पारी खेली, जबकि राधा यादव ने 3 विकेट झटके। अब भारत का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा।
2 min read
Jun 25, 2026
India Women vs Bangladesh
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026(फोटो-IANS)

T20 World Cup: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल की अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए टूर्नामेंट के 23वें मुकाबले में भारत ने 137 रन का लक्ष्य 16.5 ओवर में हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 34 गेंदों में 53 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर जीत की नींव रखी और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप-ए में चार मैचों में तीसरी जीत दर्ज की और अंकतालिका में दूसरे स्थान पर अपनी पकड़ बनाए रखी। अब भारतीय टीम 28 जून को अपने आखिरी लीग मैच में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। ऑस्ट्रेलिया अब तक अपने सभी चार मुकाबले जीतकर शीर्ष पर है।

पहले बल्लेबाजी में बांग्लादेश ने बनाए 136 रन

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 8 रन पर दिलारा अख्तर का विकेट गंवा दिया। इसके बाद शोभना मोस्तरी और जुएरिया फिरदौस ने पारी संभाली और दूसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी कर टीम को मैच में वापस लाया।

जुएरिया फिरदौस ने 31 गेंदों में 33 रन बनाए, जबकि शोभना मोस्तरी ने 22 रन का योगदान दिया। इसके बाद कप्तान निगार सुल्ताना ने जिम्मेदारी संभाली और 27 गेंदों में 32 रन की अहम पारी खेली। उन्होंने शर्मिन अख्तर के साथ साझेदारी करते हुए बांग्लादेश को 136/8 तक पहुंचाया। भारत की ओर से गेंदबाजी में राधा यादव सबसे सफल रहीं। उन्होंने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट झटके। श्री चरणी ने 2 विकेट लिए, जबकि रेणुका ठाकुर और नंदिनी शर्मा को 1-1 सफलता मिली।

शेफाली ने उड़ाई बांग्लादेशी गेंदबाजी


137 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने तेज शुरुआत की। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 18 गेंदों में 31 रन जोड़ दिए। मंधाना 8 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन शेफाली ने आक्रामक अंदाज जारी रखा। शेफाली ने यास्तिका भाटिया के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की और मैच पूरी तरह भारत की पकड़ में पहुंचा दिया। उन्होंने 34 गेंदों में 53 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। हालांकि शेफाली के आउट होने के बाद भारत ने कुछ जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए और स्कोर 98/4 हो गया।

हरमनप्रीत-जेमिमा ने मैच खत्म किया


मध्यक्रम में कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिगेज ने टीम को संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 30 रन जोड़े और जीत को आसान बना दिया। जेमिमा ने 15 गेंदों में 26 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि हरमनप्रीत 13 रन बनाकर नाबाद रहीं। दीप्ति शर्मा 5 रन बनाकर नाबाद लौटीं और भारत ने 16.5 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
बांग्लादेश की ओर से रितु मोनी ने 2 विकेट लिए। मारुफा अख्तर, राबिया खान और नाहिदा अख्तर को 1-1 विकेट मिला।

Updated on:
25 Jun 2026 11:11 pm
Published on:
25 Jun 2026 10:52 pm
Also Read
View All
IND vs IRE T20: पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी करते दिखेंगे श्रेयस अय्यर, आयरलैंड के खिलाफ ये होंगी चुनौती

IND vs ENG: संजू सैमसन को वनडे टीम में मिलनी चाहिए थी जगह, पढ़ें एबी डी विलियर्स ने ऐया क्यों कहा?

IND vs IRE Weather Report: वैभव सूर्यवंशी का ड्रीम डेब्यू कल धुलने की कगार पर, आयरलैंड के खिलाफ मैच में बारिश डाल सकती है खलल, जानें वेदर रिपोर्ट

Sai Sudharsan century: गॉल में गरजा साई सुदर्शन का बल्ला, श्रीलंका-ए के खिलाफ जड़ा 9वां फर्स्ट क्लास शतक, पडीक्कल ने किया निराश

IND vs IRE T20: मैच से एक दिन पहले अचानक बदला समय, अब 7 नहीं इतने बजे से शुरू होगा मुक़ाबला, वैभव सूर्यवंशी का दिखेगा जलवा