
स्टॉर्मोंट क्रिकेट ग्राउंड, बेलफास्ट (Photo - ESPN)
India vs Ireland Weather Report: टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया शुक्रवार से आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत करेगी। बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट क्रिकेट ग्राउंड में होने वाले इस मुकाबले में सबसे ज्यादा नजर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी। माना जा रहा है कि उन्हें इसी मैच में भारत के लिए डेब्यू का मौका मिल सकता है। अगर ऐसा होता है तो वह भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल खिलाड़ी बन जाएंगे और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ देंगे।
हालांकि इस खास मौके पर मौसम बड़ी चिंता बन गया है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को बेलफास्ट में करीब 84 प्रतिशत बारिश की संभावना है। ऐसे में मैच के प्रभावित होने की पूरी आशंका है।
रिपोर्ट के मुताबिक दिन का अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा, लेकिन आसमान में लगभग 71 प्रतिशत बादल छाए रहेंगे। पूरे दिन करीब 2.8 मिमी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा 24 प्रतिशत तक गरज के साथ बारिश की भी संभावना जताई गई है। भारतीय समय के अनुसार 5:30 बजे टॉस होना है। टॉस से पहले भी करीब 60 प्रतिशत बारिश की संभावना बताई गई है। ऐसे में टॉस में देरी हो सकती है और जरूरत पड़ने पर मैच भी देर से शुरू हो सकता है।
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर सिर्फ भारत ही नहीं, यूरोप में भी जबरदस्त उत्साह है। आयरलैंड के पूर्व क्रिकेटर एम. वी. नरसिम्हा राव ने बताया कि पेरिस समेत यूरोप के कई शहरों से भारतीय क्रिकेट फैंस बेलफास्ट पहुंच रहे हैं। स्टॉर्मोंट स्टेडियम की क्षमता करीब 7000 दर्शकों की है और सभी टिकट बिकने की उम्मीद है।
वैभव शानदार फॉर्म में हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए 776 रन बनाए थे। इसके बाद श्रीलंका में भारत-ए की ओर से खेलते हुए उन्होंने 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। इसी मैच में उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक लगाकर लिस्ट-ए क्रिकेट का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया था। अब सभी की नजर इस बात पर है कि मौसम उनका यादगार डेब्यू होने देता है या नहीं।
Updated on:
25 Jun 2026 04:21 pm
Published on:
25 Jun 2026 04:21 pm
