
मोहम्मद शमी (फोटो- IANS)
ICC Cricket World Cup 2027 जैसे-जैसे करीब आ रहा है, टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी की चर्चाएं तेज होती जा रही हैं। शमी ने 9 मार्च 2025 को आखिरी बार टीम इंडिया की जर्सी पहनी थी और उसी दिन भारतीय क्रिकेट टीम को तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाया था। उसके बाद शमी बाहर हुए और टीम में वापसी के लिए तरस गए। उनकी वापसी पर भारतीय टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान ने खुलकर बात रखी है और चयनकर्ताओं को वापसी की सलाह दी है।
जहीर खान ने कहा, “जब कोई खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहा होता है तो उसे टीम इंडिया की प्लानिंग में शामिल किया जाना चाहिए। हालांकि शमी को टीम मैनेजमेंट फिलहाल भविष्य की प्लानिंग का हिस्सा नहीं देख रहा है। लेकिन शमी को वर्ल्ड कप खेलना चाहिए और उन्हें टीम का हिस्सा होना चाहिए। मुझे नहीं पता कि टीम मैनेजमेंट इस बारे में क्या सोच रहा है। यह फैसला हेड कोच, चयनकर्ता और कप्तान ही करेंगे, लेकिन मेरी राय में अगर मोहम्मद शमी फिट और उपलब्ध हैं तो टीम इंडिया को उनके जैसे अनुभवी गेंदबाज को साउथ अफ्रीका ले जाना चाहिए।”
भारत के लिए 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 मैच खेलने वाले शमी ने 2013 में डेब्यू किया था और इस दौरान उन्होंने 2015, 2019 और 2023 वनडे वर्ल्डकप में टीम इंडिया के लिए शानदार गेंदबाजी की। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में भी उनकी घातक गेंदबाजी देखने को मिली। लेकिन उस टूर्नामेंट के बाद से ही वह टीम में वापसी के लिए तरस रहे हैं। इस दौरान उन्होंने घरेलू क्रिकेटके तीनों फॉर्मेट में खुद का साबित किया है लेकिन चयनकर्ताओं ने शायद उन्हें भविष्य की प्लानिंग से बाहर कर दिया है।
घरेलू क्रिकेट में जब तक शमी ने चोट के बाद कदम नहीं रखा था, तब तक अजीत अगरकर ये कहते रहे कि उनकी फिटनेस पर नजर रखी जा रही है और जब शमी ने रणजी ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली में गेंदबाजी कर फॉर्म और फिटनेस साबित की तो अगरकर अपने ही बयान से पलट गए। अब देखना ये होगा कि सितंबर की मीटिंग में अगरकर के कार्यकाल पर क्या फैसला लिया जाता है।
Updated on:
09 Aug 2026 02:21 pm
Published on:
09 Aug 2026 02:21 pm
