
भारत और आयरलैंड के बीच पहला टी20 मुक़ाबला 26 जून को खेला जाएगा (photo - BCCI)
Ireland vs India, 1st T20I: भारत और आयरलैंड के बीच 26 और 28 जून को टी20 सीरीज के दो मैच खेले जाने हैं। दोनों ही मुकाबले बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में आयोजित होंगे। यह सीरीज श्रेयस अय्यर की कप्तानी में एक नए अध्याय की शुरुआत भी होगी।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का विजेता भारत इस सीरीज में मजबूत दावेदार है, लेकिन सभी की निगाहें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन और इंडिया ए के लिए मैच जिताऊ पारियों के बाद वह इंटरनेशनल डेब्यू करने की कतार में हैं।
17 वर्षीय खिलाड़ी का उभरना टीम चयन के लिए एक दिलचस्प चुनौती पेश करता है। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे स्थापित टॉप-ऑर्डर बल्लेबाजों ने हाल के महीनों में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के लिए देश के सबसे होनहार युवा टैलेंट में से एक को टीम में शामिल करने का फैसला लेना मुश्किल होगा।
श्रेयस अय्यर 3 दिसंबर 2023 को भारत की तरफ से आखिरी बार टी20 मैच खेले थे। करीब ढाई साल बाद अय्यर बतौर कप्तान टीम में वापसी कर रहे हैं। अय्यर उस बल्लेबाजी यूनिट की अगुवाई करेंगे जिसमें ईशान किशन, उप-कप्तान तिलक वर्मा और कई आक्रामक बल्लेबाज शामिल हैं।
चोट के कारण वरुण चक्रवर्ती और नितीश रेड्डी के बाहर होने के बाद आखिरी समय में भारतीय टीम में बदलाव करना पड़ा, जिससे प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे के लिए रास्ते खुले। गेंदबाजी संयोजन भी दिलचस्प होगा, जिसमें हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस मुख्य गेंदबाज अर्शदीप सिंह के साथ अंतिम एकादश में जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
दूसरी तरफ, आयरलैंड के सामने कई खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण एक मुश्किल चुनौती है। नए कप्तान लॉर्कन टकर एक ऐसी टीम की अगुवाई करेंगे जिसमें पॉल स्टर्लिंग, मार्क अडायर, जोशुआ लिटिल और कर्टिस कैम्फर जैसे अहम खिलाड़ी नहीं हैं। इस टीम में मैथ्यू हॉलार्ड और जय मूंदड़ा को शामिल किया गया है। भारत में जन्मे 29 वर्षीय जय साल 2021 में पढ़ाई के लिए आयरलैंड गए थे, जिसके बाद वह इस सीरीज में आयरलैंड के लिए डेब्यू भी कर सकते हैं।
टी20 फॉर्मेट में आयलैंड के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा एकतरफा रहा है। साल 2009 से अब तक खेले गए सभी 8 मैच टीम इंडिया ने अपने नाम किए हैं। भारत इस सीरीज में भी जीत का सिलसिला बरकरार रखना चाहेगा।
आयरलैंड: लोर्कन टकर (कप्तान), रॉस अडायर, बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, स्टीफन डोहेनी, मैथ्यू हम्फ्रीज, गैविन होए, मैथ्यू हॉलार्ड, लियाम मैक्कार्थी, जय मूंद्रा, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, रूबेन विल्सन।
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।
Updated on:
25 Jun 2026 06:33 pm
Published on:
25 Jun 2026 06:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
