श्री गंगानगर

रबी फसलों की कटाई ने पकड़ी रफ्तार, अच्छी पैदावार से किसानों में उम्मीद

श्रीगंगानगर. जिले में रबी फसलों की कटाई तेज हो गई है और इस बार खेतों में अच्छी पैदावार के संकेत हैं। सरसों, चना व जौ की कटाई अंतिम चरण में है, जबकि गेहूं पककर तैयार खड़ा है। किसान अप्रेल के पहले सप्ताह से गेहूं कटाई की तैयारी में हैं और 10 अप्रेल के बाद मंडियों […]

2 min read

श्रीगंगानगर. जिले में रबी फसलों की कटाई तेज हो गई है और इस बार खेतों में अच्छी पैदावार के संकेत हैं। सरसों, चना व जौ की कटाई अंतिम चरण में है, जबकि गेहूं पककर तैयार खड़ा है। किसान अप्रेल के पहले सप्ताह से गेहूं कटाई की तैयारी में हैं और 10 अप्रेल के बाद मंडियों में आवक बढऩे की संभावना है। कृषि विभाग के अनुसार इस बार उत्पादन व गुणवत्ता बेहतर रहने का अनुमान है। गेहूं की बुवाई 2,38,230 हेक्टेयर में हुई, जिससे 11,00,918 मीट्रिक टन उत्पादन का अनुमान है। सरसों 2,76,337 हेक्टेयर में बोई गई, जिसका उत्पादन 4,72,260 मीट्रिक टन आंका गया है।

मंडियों में बढ़ी आवक, व्यवस्थाओं की परीक्षा

नई धानमंडी में सरसों, चना व जौ की आवक बढ़ी है। सरसों का उच्चतम भाव 6,821, औसत 6,601 व न्यूनतम 6,150 रुपए प्रति क्विंटल रहा। जौ की आवक 26,332 क्विंटल रही, उच्चतम 2,001, औसत 1,945 व न्यूनतम 1,821 रुपए दर्ज हुआ। आवक बढऩे के साथ मंडी व्यवस्थाओं की परीक्षा शुरू हो गई है। सचिव महिपाल सिंह माली के अनुसार एक अप्रैल से 14 होमगार्ड जवान तैनात होंगे, जबकि गेट पर पहले से जवान तैनात हैं।

एमएसपी पर टिकी नजर

गेहूं का समर्थन मूल्य 2,585 रुपए पर 150 रुपए बोनस सहित 2,735 रुपए मिलेगा। सरसों का एमएसपी 6,200 व चना का 5,875 रुपए तय है। किसान गुरलाल सिंह बराड़ ने समय पर खरीद की मांग की। व्यापारी हनुमान गोयल ने व्यवस्थाएं मजबूत करने की जरूरत बताई।

फैक्ट फाइल

गेहूं: 2,38,230 हे., उत्पादन 11,00,918 मीट्रिक टन
जौ: 1,14,533 हे., उत्पादन 5,27,139 मीट्रिक टन

चना: 61,929 हे., उत्पादन 69,096 मीट्रिक टन
सरसों: 2,76,337 हे., उत्पादन 4,72,260 मीट्रिक टन

वर्जन

नई धानमंडी में सरसों व जौ की बंपर आवक से यातायात दबाव बढ़ा है। एक अप्रैल से 14 होमगार्ड तैनात किए जा रहे हैं। गेहूं की आवक एक सप्ताह बाद शुरू होने की संभावना है।

महिपाल सिंह माली, सचिव, मंडी समिति

इस बार उत्पादन व गुणवत्ता बेहतर है। सरसों एमएसपी से ऊपर बिक रही है, किसानों को लाभ मिल रहा है।

सुरजीत सिंह, उप निदेशक कृषि विस्तार

Published on:
31 Mar 2026 12:19 pm
Also Read
View All

अगली खबर