श्री गंगानगर

कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का आगाज, जगह-जगह स्वागत

-श्री प्रभात फेरी मण्डल की ओर से करवाया जा रहा है आयोजन
less than 1 minute read
कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का आगाज, जगह-जगह स्वागत
सादुलशहर. श्रीमद् भागवत कथा के उपलक्ष्य में निकाली गई भव्य कलश यात्रा का दृश्य।

सादुलशहर. शहर के वार्ड नं. 13 स्थित श्री शिव वाटिका में श्री प्रभात फेरी मण्डल सेवा समिति की ओर से समिति के सातवें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में आठ दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का आगाज रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ पूर्ण धार्मिक विधि-विधान के साथ हुआ। कलश यात्रा श्री सत्यनारायण मन्दिर से शुरू हुई। कलश यात्रा का पूजन मुख्य यजमान व्यवसायी नरेश कुमार सिंगला दम्पति ने करवाया। वैदिक मंत्रोचारण के साथ पूजन मुख्य सेवादार सुन्दरपाल शर्मा व महेश सारस्वत ने करवाया। कलश यात्रा का शहर में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कलश यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं कलश व श्रीफल लिए चल रही थी। कलश यात्रा में सबसे आगे भक्ति सागर की स्वर लहरियां बिखेरता डीजे चल रहा था। श्रद्धालु भक्ति रचनाओं पर झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। यात्रा मुख्य मार्गों से होती हुई कथा स्थल पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में शहर के प्रबुद्ध नागरिक शामिल थे। दोपहर बाद श्रीमद् भागवत कथा का आगाज हुआ। कथा व्यास गौरसुन्दर दास, वृंदावनवालों ने श्रीमद् भागवत के महात्मय के बारे में विस्तार से बताया व कहा कि कथा श्रवण का फल भाग्यशाली को मिलता है। भगवान को पाने के लिए भाव का होना जरूरी है व परमात्मा कण-कण में विद्यमान है।

सेवादार संजीव मित्तल, सुनील बाघला आदि ने बताया कि कथा 18 फरवरी से 25 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। 25 फरवरी को कथा समापन पर हवन का आयोजन सुबह 8 बजे किया जाएगा। तत्पश्चात अटूट भण्डारा आयोजित किया जाएगा। कथा के उपलक्ष्य में प्रतिदिन प्रभात फेरी कथा व्यास गौरसुन्दर दास के सानिध्य में सुबह 6 बजे शिव वाटिका से निकाली जा रही है।

Published on:
18 Feb 2024 08:24 pm