- दो किमी लंबी निकाली शोभायात्रा, उमड़ा जनसैलाब, महिलाओं ने तलवारबाजी कर दिखाया शौर्य, करीब साढे तीन घंटे चली यह शोभा यात्रा
श्रीगंगानगर। श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर गुरुवार को शहर पूरी तरह भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। हर गली, हर चौराहे और हर मार्ग पर “जयश्रीराम” के जयघोष गूंजते रहे। महिला हो या पुरुष, बच्चे हों या बुजुर्ग हर वर्ग के लोग इस भव्य आयोजन में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शामिल हुए। विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से निकाली गई करीब दो किलोमीटर लंबी शोभायात्रा ने पूरे शहर को राममय कर दिया। गुरुवार को शाम करीब चार बजे शोभायात्रा का शुभारंभ सुखाड़िया सर्किल स्थित गौशाला प्रांगण से हुआ, जहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बन गया।
2100 महिलाओं की कलश यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र
विश्व हिन्दू परिषद की ओर से आयोजित इस भव्य शोभायात्रा का सबसे प्रमुख आकर्षण 2100 महिलाओं की कलश यात्रा रही। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं अपने सिर पर स्टील के कलश और श्रीफल धारण कर जैसे ही यात्रा में शामिल हुईं, दृश्य अत्यंत मनोहारी बन गया। श्रद्धा और अनुशासन के साथ आगे बढ़ती इस कलश यात्रा ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। शोभायात्रा में विभिन्न झांकियों ने भी लोगों का मन मोह लिया। घोड़ों पर सवार नौ देवियों के स्वरूपों की सजीव झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं दुर्गा वाहिनी की महिलाओं ने तलवारबाजी का कला का प्रदर्शन कर लोगों से खूब वाहवाही बटोरी। इसके साथ ही महिलाएं हाथों में भगवा पताका लेकर जय श्रीराम के भजनों पर नृत्य करती हुईं नजर आईं। गायत्री परिवार के सदस्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलगीतों के माध्यम से पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। वहीं राजस्थानी पगड़ी पहने युवाओं का उत्साह और जोश देखते ही बनता था।
शहर के प्रमुख मार्गों से निकली भव्य यात्रा
यह शोभायात्रा सुखाड़िया सर्किल से शुरू होकर आचार्य तुलसी मार्ग, जी ब्लॉक, रवीन्द्र पथ, गोलबाजार, स्वामी दयानंद मार्ग, लक्कड़मंडी, गणेश टॉकीज, इंदिरा चौक, जवाहरनगर थाना क्षेत्र, इंदिरा कॉलोनी और सुखाड़ियानगर होते हुए शांति स्तंभ पहुंची। इसके बाद यात्रा पुनः सुखाड़िया सर्किल पहुंचकर सम्पन्न हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों व नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान नगर परिषद की पूर्व सभापति करुणा चांडक परिवार सहित कई गणमान्य नागरिकों ने भी श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। इससे पहले विश्व हिंदू परिषद की ओर से सुखाडि़या सर्किल गौशाला प्रांगण में भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।