राज्य

Mumbai Weather: मुंबई में बारिश रुकी, लेकिन खतरा बरकरार! स्कूल-कॉलेज बंद, अलर्ट पर प्रशासन

Mumbai Rains : मुंबई समेत उपनगरों में आज सुबह से बारिश रुकी हुई है। लेकिन भारी बारिश की संभावना बरकरार है। उधर, मुंबई लोकल ट्रेन अभी भी लेट है।

2 min read
Jul 09, 2024

मुंबई समेत उपनगरों, नवी मुंबई, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली में भारी बारिश कम हो गई है। आज सुबह से बारिश रुकी हुई है। आज (9 जुलाई) शाम तक मुंबई समेत उपनगरों में शियर ज़ोन (Shear Zone) के प्रभाव से मूसलाधार बारिश होने की संभावना बहुत कम है। हालांकि उसके बाद अगले 24 घंटों की अवधि में भारी बारिश होने के आसार है। मुंबई में बारिश का जोर कम होने के बाद सड़क परिवहन सामान्य हो गया है, लेकिन सेंट्रल रेलवे की मुंबई लोकल ट्रेनें देरी से चल रही है।

मुंबई में मंगलवार को बारिश थमने से लोगों को थोड़ी राहत मिली। हालांकि, मौसम विभाग (आईएमडी) ने भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके आज लगातार दूसरे दिन भी मद्देनजर स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए हैं।

मुंबई महानगर क्षेत्र में सोमवार को रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई। जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। शहर के निचले इलाकों में पानी भरने के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था।

लोकल ट्रेनें लेट

देश की आर्थिक राजधानी में हवाई, रेल तथा सड़क यातायात बाधित होने से दौड़ने वाला शहर थम सा गया था। आज रात में रुक-रूककर तेज बारिश हुई लेकिन सुबह होने के बाद बारिश थम गई और कभी धूप तो कभी बादल छाये रहे।

मुंबई की ‘लाइफ लाइन’ मानी जाने वाली उपनगरीय रेल सेवाएं भी पटरी पर लौट आईं है। हालांकि आज उपनगरीय सेवाएं पांच से 10 मिनट की देरी से चल रही हैं। हालाँकि, आज सुबह कल्याण रेलवे स्टेशन पर लोकल ट्रेन 15 से 20 मिनट की देरी से चलने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी हुई।

हाईटाइड का खतरा

बीएमसी के मुताबिक, हाईटाइड (Mumbai High Tide Timing) आज दोपहर 2 बजकर 33 मिनट पर आएगा, इस दौरान अरब सागर में 4.31 मीटर ऊंचाई तक लहर उठ सकती है। इस दौरान समुद्र तट से दूर रहने की हिदायत दी गई है।

आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, आज सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि के दौरान कोलाबा केंद्र में औसतन 161.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि सांताक्रूज केंद्र में 154.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

Updated on:
09 Jul 2024 12:40 pm
Published on:
09 Jul 2024 12:30 pm
Also Read
View All

अगली खबर