सूरत

बहन से प्रेम संबंध के शक में दोस्त की हत्या

डिंडोली इलाके में बहन से प्रेम संबंध की आशंका में एक किशोर ने अपने मित्र पर चाकू से हमला कर उसकी सरेआम हत्या कर दी। पुलिस ने हमलावर किशोर को डिटेन...

2 min read
Apr 12, 2018
Friend murdered in connection with love affair with sister

सूरत।डिंडोली इलाके में बहन से प्रेम संबंध की आशंका में एक किशोर ने अपने मित्र पर चाकू से हमला कर उसकी सरेआम हत्या कर दी। पुलिस ने हमलावर किशोर को डिटेन कर लिया है। पुलिस के मुताबिक डिंडोली संतोषीनगर निवासी जैनिस किशोर राणा (22) की एक किशोर ने बुधवार को हत्या कर दी। हमलावर किशोर जैनिस का मित्र था। उसे आशंका थी कि जैनिस का उसकी बहन के साथ प्रेम संबंध है। इसको लेकर शाम चार बजे दोनों के बीच विवाद हुआ। किशोर ने चाकू से जैनिस की पीठ और पेट पर वार किए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर डिंडोली पुलिस मौके पर पहुंची और जैनिस के शव को पोस्टमार्टम के लिए न्यू सिविल अस्पताल पहुंचाया। आरोपी किशोर को डिटेन कर लिया गया।

राजस्थानी महिला की सोने की चेन छीनी

पूणागाम इंटरसिटी टाउनशिप के निकट मोटर साइकिल सवार दो युवक एक राजस्थानी महिला से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। महिला के कपड़ा व्यापारी पति परवत पाटिया सनराइज टाउनशिप सोसायटी निवासी दुर्गाराम जसाजी चौधरी ने पूणागाम थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह सात बजे दुर्गाराम की पत्नी सुक्यादेवी टहलने निकली थी। अक्षर टाउनशिप के गेट नम्बर दो के निकट मोटर साइकिल पर मास्क पहनकर आए दो युवक उससे ढाई तोला सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।

भाठेना में जुए के अड्डे पर छापा

क्राइम ब्रांच ने मंगलवार रात भाठेना इलाके में जुए के अड्डे पर छापा मार कर पूर्व डिप्टी मेयर वर्षा राणा के पीए समेत नौ जनों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक लाख २५ हजार ६२० रुपए का सामान जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक भाजपा नेता वर्षा राणा का पीए खटोदरा कॉलोनी निवासी गौरव पटेल फरार साथी उमरवाड़ा टेनामेंट निवासी आसिफ टामेटा के साथ मिलकर भाठेना-२ श्रीनाथ कॉम्प्लेक्स में अपनी दुकान में जुए का अड्डा चलाता था।

वह बाहर से लोगों को बुलाकर उन्हें जुआ खेलने की सुविधा मुहैया करवाता था। उसके बारे में मुखबिर से सूचना मिलने पर मंगलवार शाम दबिश दी गई। मौके से गौरव के अलावा मिहिर पटेल, कलीम शेख, फारुख शेख, शफीक अंसारी, इकबाल शेख, इम्तियाज शकी, जलील पठान, आलोक अग्रवाल को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ताश, छह मोबाइल फोन, नकदी समेत एक लाख २५ हजार ६२० रुपए का सामान जब्त किया गया।

Published on:
12 Apr 2018 09:55 pm
Also Read
View All