पिछले साल छात्रों ने बाजी मारी थी, इस बार छात्राएं आगे निकल गईं
सूरत.
गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं विज्ञान वर्ग परीक्षा के परिणाम में दक्षिण गुजरात के सात जिलों में सूरत जिला 78.77 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रहा, जबकि सबसे कम 39.00 प्रतिशत परिणाम नर्मदा जिले का रहा है। गुजरात माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं विज्ञान वर्ग परीक्षा का परिणाम देखने के बाद सूरत के विद्यार्थी कामयाबी पर झूम उठे । पिछले साल के मुकाबले सूरत जिले के परिणाम में 7.97 प्रतिशत की गिरावट आई है।
सूरत जिले से 63 विद्यार्थियों ने ए1 ग्रेड हासिल की। पिछले साल 188 को ए1 ग्रेड मिली थी। दक्षिण गुजरात में सूरत जिले के बाद 77.01 प्रतिशत परिणाम के साथ डांग जिला दूसरे स्थान पर रहा। नवसारी जिले में 69.16 प्रतिशत, भरुच जिले में 66.13 प्रतिशत, वलसाड जिले में 59.38 प्रतिशत, तापी जिले में 48.14 प्रतिशत और नर्मदा जिले में 39 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए। पिछले साल के मुकाबले सभी जिलों का परिणाम घटा है।
छात्राओं ने बाजी मारी
पिछले साल छात्रों ने बाजी मारी थी। इस बार छात्राएं आगे निकल गईं। 74.91 प्रतिशत छात्राएं और 71.84 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। पिछले साल छात्रों का परिणाम 82.06 और छात्राओं का 81.60 प्रतिशत रहा था। पिछले साल के मुकाबले इस साल दोनों का परिणाम घटा है।
सौ फीसदी परिणाम वाले विद्यालयों की संख्या घटी
राज्य में सौ प्रतिशत परिणाम वाले विद्यालयों की संख्या फिर घट गई है। 2015 के 215 से घटकर 2016 में यह 99 हुई थी। 2017 में बढ़कर 118 हुई और इस बार फिर घटकर 42 पर पहुंच गई। इस साल 10 प्रतिशत से कम परिणाम वाले विद्यालयों की संख्या भी घटी है। 2016 में यह संख्या 28 और 2017 में 44 थी। इस साल यह घटकर 26 हो गई।
ए1 और ए2 ग्रेड वाले विद्यार्थी भी घट गए
पिछले साल के मुकाबले इस साल ए1 और ए2 ग्रेड वाले विद्यार्थी भी घट गए हैं। पिछले साल 589 विद्यार्थियों को ए1 ग्रेड मिली थी। इस साल 136 को यह ग्रेड मिली है। पिछले साल 5179 विद्यार्थियों को ए2 ग्रेड मिली थी। इस साल यह ग्रेड पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या 2838 है।
तीनों ग्रुप का परिणाम कम रहा
इस साल ए, बी और एबी, तीनों ग्रुप का परिणाम कम रहा है। पिछले साल तीनों ग्रुप का परिणाम बढ़ा था। 2016 में ए ग्रुप का परिणाम 81.30, 2017 में 84.81 और 2018 में 77.45 प्रतिशत रहा। 2016 में बी ग्रुप का परिणाम 76.56 प्रतिशत, 2017 में 79.35 प्रतिशत और 2018 में 68.77 प्रतिशत रहा। 2016 में एबी ग्रुप का परिणाम 76.32 प्रतिशत, 2017 में 86.36 प्रतिशत और 2018 में 61.11 प्रतिशत रहा।