सूरत

SMC : मनपा की लापरवाही से एक और गाय फंसी खतरे में

- पानी के वाल्व के लिए बने कुंड में रातभर तड़पती रही, जेसीबी से बाहर निकाला

2 min read
Aug 08, 2018
SMC : मनपा की लापरवाही से एक और गाय फंसी खतरे में

सूरत.

पूणा क्षेत्र में सूरत महानगर पालिका की लापरवाही के कारण एक और गाय की जान खतरे में फंस गई। पानी के लिए बनाए गए वाल्व के कुंड में गाय रातभर तड़पती रही। सुबह लोगों ने दमकल विभाग और मनपा को कुंड में फंसी गाय के बारे में जानकारी दी। खुले कुंड में फंसी गाय को लेकर लोगों में आक्रोश था। घंटों की मशक्कत के बाद रस्सी बांध कर जेसीबी की सहायता से गाय को कुंड से बाहर निकाला गया।
शहर में खुले गटर और खुले कुंड से हादसे हो रहे हैं। मनपा की लापरवाही के कारण लोगों के साथ जानवरों की जान पर भी खतरा मंडराता रहता है। पूणागाम विश्वकर्मा जंक्शन के पास पानी के वाल्व के लिए कुंड बनाया गया है। सूरत महानगर पालिका के हाइड्रोलिक विभाग के इस वाल्व का कुंड खुला होने के कारण सोमवार देर रात एक गाय इसमें गिर गई। लोगों को गाय के बारे में पता चला तो उन्होंने इसकी जानकारी दमकल विभाग और मनपा को दी। दमकल विभाग और मनपा के कर्मचारियों के साथ पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। गाय को कुंड से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया। जेसीबी से वाल्व के आसपास के हिस्से को खोदा गया। दमकल विभाग के कुछ कर्मी कुंड में उतरे। गाय को रस्सी से बांध कर बाहर निकाला गया।

ये भी पढ़ें

VNSGU : वीएनएसजीयू ने फिर बढ़ा दी प्रवेश की समय सीमा

लिम्बायत में ड्रेनेज कुंड में गिरी थी गाय
इससे पहले लिम्बायत क्षेत्र में गोडादरा आसपास मानसरोवर सोसायटी के नजदीक एक गाय ड्रेनेज लाइन के खुले पड़े कुंड में गिर गई थी। राहगीरों ने इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी और दमकल वालों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गाय को बाहर निकाला था। जगह-जगह खोदे गए गड्ढे और ड्रेनेज लाइन के खुले कुंड बारिश में आम लोगों के लिए खतरनाक हैं।

गटर में गिरा बच्चा, शव मिला तापी से
शहर मेंं पिछले रविवार बारिश ने मनपा के प्री मानसून कामों की कलई खोल दी थी। तीन इंच बारिश से जगह-जगह जलभराव के हालात बने। बारिश थमने के आधे घंटे बाद तक पानी सड़कों से नहीं उतरा था। नाना वराछा क्षेत्र में एक बच्चा पानी में खेलते हुए गटर में गिर गया था। बच्चा बहकर कहां गया, किसी को पता नहीं चला। बाद में उसका शव तापी नदी से मिला। मनपा ने सफाई के नाम पर गटर बंद नहीं किया। इसकी वजह से कई जगह लोग और जानवर हादसों का शिकार हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें

ADMISSION 2018 : युवाओं की इंजीनियर बनने में रूचि घटी
Published on:
08 Aug 2018 09:20 pm
Also Read
View All