धर्मांतरण व फर्जी जाति प्रमाण-पत्र के विरोध में निकाली रैली

अखिल भारतीय जनजाति सुरक्षा मंच ने शहर में तीर-धनुष व दस्तावेजों के साथ शहर में निकाली विशाल रैली
less than 1 minute read
• •
Updated: 18 Feb 2016, 5:35 PM IST
Railly
Railly
अंबिकापुर.
धर्मांतरण व फर्जी जाति प्रमाण-पत्र के विरोध में अखिल भारतीय जनजाति सुरक्षा मंच ने शहर में विशाल रैली निकाली। तीर-धनुष व जाति प्रमाण-पत्र के दस्तावेज सबूत के तौर पर लेकर बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग रैली में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी भी की।


अखिल भारतीय जनजाति सुरक्षा मंच के बैनर तले वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदेव राम उरांव व पूर्व मंत्री गणेश राम भगत के नेतृत्व में आदिवासी समाज ने कलाकेंद्र मैदान से विशाल रैली निकाली। वे धर्मांतरण व फर्जी जाति प्रमाण-पत्र का विरोध कर रहे थे। रैली घड़ी चौक, देवीगंज रोड, महामाया चौक, सदर रोड, जयस्तंभ चौक, पुराना बस स्टैंड, ब्रम्हरोड, देवीगंज रोड होते हुए वापस कलाकेंद्र मैदान में पहुंची।


यहां सभा का आयोजन किया गया। इसमें जगदेव राम उरांव ने कहा कि देश में जगह-जगह आदिवासी समाज द्वारा सरकार को मेमोरैंडम दिया जा रहा है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। जो लोग धर्मांतरण कर दूसरे समाज में चले गए, उनसे हमारा कोई विरोध नहीं है, लेकिन उन्हें आदिवासी होने का शासकीय लाभ मिलने के साथ ही विदेशों से भी सहायता प्राप्त हो रही है। इस ओर हम सरकार का ध्यान आकर्षित कराना चाहते हैं।


उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लोग फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर जाति प्रमाण-पत्र बनवा रहे हैं। लेकिन सरकार व अधिकारियों को यह नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से कहा कि हमारा बच्चा भले ही 5 साल तक भूखा-नंगा घर में रहे, लेकिन हमें लालच में आकर धर्म नहीं बदलना है।


हमें उस स्थिति में भी धर्म व संस्कृति को बचाना है। उन्होंने एकजुट होकर समाज का विकास करने कहा। इस दौरान काफी संख्या में आदिवासी समाज के महिला-पुरुष उपस्थित थे।
Published on: