होली पर हमारी दादी-नानी कुछ पारंपरिक व्यंजन बनाती हैं, तो इस होली आप भी इन टेस्टी रेसिपीज को ट्राय करें।
होली पर हमारी दादी-नानी कुछ पारंपरिक व्यंजन बनाती हैं, तो इस होली आप भी इन टेस्टी रेसिपीज को ट्राय करें। इनमें आप आज के बच्चों की पसंद के मुताबिक कुछ ट्विस्ट भी डाल सकती हैं, ये भी यहीं जान लें। यहां पढ़ें कुछ यमी रेसिपी -
झार के लड्डू
सामग्री -
मोटा बेसन-500 ग्राम
तलने के लिए-तेल
मीठा सोडा-1/4 छोटा चम्मच
गुड़-500 ग्राम
यूं बनाएं -
बेसन में मीठा सोडा डालकर कड़ा गूंध लें। अब गरम तले में सेव बनाने के झारे से मोटे सेव बना लें। गुड़ में एक कप पानी डालकर तीन तार की गाढ़ी चाशनी बनाएं। अब तैयार सेव को चाशनी में डालकर लड्डू बना लें।
रंगीन लड्डू - आप लड्डू बनाते समय गुलाब कतरी, मूंगफली दाना और किसा नारियल भी डाल सकती हैं।
गुली की गुझिया
सामग्री -
आटा-एक कटोरी
मैदा-एक कटोरी
घी-250 ग्राम
बारीक कटी मेवा (नारियल, किशमिश, चिरौंजी)-एक कटोरी
पिसी शक्कर-एक कटोरी
यूं बनाएं -
मैदा में एक बड़ा चम्मच घी डालकर कड़ा गूंथकर सूती गीले कपड़े से ढककर रखें। आटे को कड़ा गूंथ कर मोटा सा परांठा बनाएं। नॉनस्टिक तवे पर घी डालकर धीमी आंच पर सुनहरा होने तक शैलो फ्राई करें। ठंडा होने पर मिक्सी में बारीक पीसकर छलनी से छानें। एक छोटा चम्मच गरम घी में पिसे मिश्रण को भून लें। ठंडा होने पर शक्कर और मेवा मिलाएं। मैदे की छोटी पूड़ी बनाकर भरावन रखकर सांचे से गुझिया बनाएं। गरम घी में सुनहरा होने तक तलें।
चोको गुझिया - वर्तमान समय में गुझिया में गुली के स्थान पर मावा भरा जाने लगा है। आप गुझिया में चोको चिप्स भरकर चॉकलेट सॉस के साथ भी सर्व कर सकती हैं।
अनारसा
सामग्री -
चावल-1/2 किलो
पिसी शक्कर-250 ग्राम
गाढ़ा दही-एक कटोरी
खसखस के दाने
तलने के लिए घी
यूं बनाएं -
बनाने से 12 घंटे पूर्व चावल को पानी में भिगो देंं। सुबह पानी निकालकर एक सूती कपड़े पर फैला दें। लगभग 6 घंटे बाद इन्हें मिक्सी में बारीक पीस लें। अब पिसे चावल के आटे को दही और शक्कर मिलाकर सख्त गूंथ लें। तीन-चार घंटे के लिए ढककर रख दें। हथेली पर छोटी सी लोई रखकर चपटी करें और खसखस के दाने चिपकाएं। गरम घी में धीमी आंच पर हल्का सुनहरा होने तक तलें। बटर पेपर पर निकालकर सर्व करें।
चीजी अनारसा - इनके अंदर चीज भरें और गरम में ही ऊपर से चीज किसकर सर्व करें।
अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।