29 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मिठाई व्यवसाइयों को अच्छी बिक्री की उम्मीद, मिठाई के साथ अच्छी पैकिंग की डिमांड

दीपावली व धनतेरस से पहले सजे बाजार: मिठाइयां तैयार करने में जुटे हलवाई, मिलने शुरू हुए ऑर्डर
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

हुबली

•

image

ASHOK SINGH RAJPUROHIT

•

Updated: 28 Oct 2024, 5:28 PM IST

काजू कतली

काजू कतली

दीपावली व धनतेरस को लेकर हुब्बल्ली में बाजार सज गए हैं। पर्व नजदीक आते ही बाजारों में भी रौनक लौट आई है। खरीदारी को लेकर बाजार में काफी चहल-पहल दिखाई दे रही है। इस बार व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं। दीपावली का त्योहार मिठाई के बगैर अधूरा रहता है। इस बार मिठाई की दुकानों पर कई नई तरह की वैरायटी की मिठाई बनाई गई है। दिवाली के मौके पर विभिन्न प्रतिष्ठानों के मालिक भी कर्मचारियों को मिठाई उपहार के रूप में देते हैं। ऐसे में मिठाई व्यवसाइयों को इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है। शहर की दुकानों में तीन सौ रुपए से लेकर एक हजार रुपए प्रति किलो तक की मिठाइयां उपलब्ध हैं। हलवाई भी मिठाइयां तैयार करने में लगे हैं। उन्हें थोक में ऑर्डर मिलने शुरू हो गए हैं।

नए फ्लेवर के साथ तैयार मिठाइयां
मिठाई व्यवसाइयों ने भी त्योहार को ध्यान में रखते हुए एक से बढ़कर एक मिठाइयां बनाना शुरू कर दिया है। शहरवासियों का त्योहार कुछ खास बन सके इसके लिए मिठाइयों में भी कुछ हटकर स्वाद देखने मिल रहे हैं। मिठाई व्यवसाइयों का कहना है कि शहरवासियों को काजू से बनी मिठाइयां अधिक पसंद आती हैं। साथ ही पूजा पाठ और भोग में भी काजू की बर्फी ही अधिक चढ़ाई जाती है तो उन मिठाइयों को भी एक नए फ्लेवर के साथ तैयार किया जा रहा है। शहरवासियों की पसंद के हिसाब से इस बार विशेष तौर पर काजू और मेवा से बनी बर्फी को तैयार किया है। अब खोये से तैयार मिठाई के स्थान पर ड्राईफ्रूट वाली मिठाइयों को भी प्राथमिकता देने लगे हैं।

गिफ्ट पैक के साथ बिक्री का चलन बढ़ रहा
इसके साथ ही मिठाइयों को गिफ्ट पैक के साथ बिक्री का चलन बढ़ रहा है। ऐसे में मिठाइयों से ज्यादा गिफ्ट पैक्स को लेकर खासतौर से रुचि दिखा रहे हैं। बाजार में तरह-तरह के गिफ्ट पैकेट मिल रहे हैं। कई दुकानदार अपने कर्मचारियों को मिठाई का पैकेट देने के लिए अपने प्रतिष्ठान के नाम का गिफ्ट पैकेट भी छपवा रहे हैं।

काजू कतली की डिमांड अधिक
हुब्बल्ली के हलवाई पूनमसिंह राजपुरोहित कहते हैं, हम पिछले दस वर्ष से दिवाली समेत अन्य पर्व-त्योहार पर पर मिठाई तैयार कर रहे हैं। दीपावली व धनतेरस के लिए एक सप्ताह पहले से ही मिठाई का ऑर्डर मिलना शुरू हो जाता है। इस बार भी लोग मिठाई की खरीद कर रहे हैं। इस बार काजू कतली लोगों की पहली पसंदीदा मिठाई बनी हुई है। वहीं बरफी, चक्की की डिमांड भी है। कई दुकान मालिक अपने कर्मचारियों को मिठाई के पैकेट उपहार में देते हैं। वहीं लक्ष्मी पूजन के लिए भी लोग मिठाई खरीदते हैं। अब ग्राहक मिठाई के साथ अच्छी पैकिंग भी चाहने लगे हैं। ग्राहकों की डिमांड के अनुसार उन्हें अच्छी पैकिंग में मिठाई पैक करके भी दे रहे हैं।