मिठाई

घर में बनांए पनीर की गोल गोल जलेबी

जलेबी ऐसी मिठाई है जो आसानी से उपलब्ध होती है, लेकिन अगर देसी घी में बनी हो तो इसका स्वाद आपको उंगलियां चाटने के लिए मजबूर कर देगा।
3 min read
• •
Updated: 6 Jan 2018, 1:28 PM IST
paneer jalebi
paneer jalebi

जलेबी ऐसी मिठाई है जो आसानी से उपलब्ध होती है, लेकिन अगर देसी घी में बनी हो तो इसका स्वाद आपको उंगलियां चाटने के लिए मजबूर कर देगा। वहीं पनीर जलेबी का स्वाद तो और भी लाजवाब होता है। इसे बनाना भी आसान है। यहां पढ़ें पनीर जलेबी की रेसिपी -

सामग्री -

पनीर - 200 ग्राम (1 कप) (क्रम्बल किया हुआ)
केसर के धागे - 25 से 30
मैदा - 1/4 कप
चीनी - 1.5 कप (300 ग्राम)
घी - जलेबी फ्राय करने के लिए

विधि -

केसर में थोड़ा से पानी डालकर रख दीजिए ताकि ये पानी में घुल जाए।

मैदा का घोल बनाइए

मैदा में थोड़ा सा पानी डालकर गुठलियां खत्म होने तक इसे घोल लीजिए। फिर, इसमें थोड़ा और पानी डालकर अच्छे से 4 से 5 मिनिट फैंटकर पतला कर लीजिए। घोल इस कन्सिस्टेन्सी का बनना चाहिए कि चम्मच से गिराएं तो धार की तरह गिरे। इस घोल को ढककर किसी गरम जगह पर 1 घंटे के लिए रख दीजिए ताकि मैदा फूलकर सैट हो जाए।

चाशनी बनाइए

एक बर्तन में चीनी और 1 कप से थोड़ा ज्यादा (2 टेबल स्पून पानी) डाल दीजिए।. चाशनी को चीनी घुलने के 2 से 3 मिनिट बाद तक पकने दीजिए। इसी बीच, पनीर को मैश कर लीजिए। इसके लिए, एक थाली में थोड़ा सा पनीर डालिए और इसे हथेली से दबाव देते हुए मसल लीजिए। फिर, इसमें 1 टेबल स्पून दूध और डालकर मसल-मसलकर चिकना कर लीजिए।

चाशनी चैक कीजिए

चाशनी चैक करने के लिए 2 से 3 बूंदे प्याली में गिरा लीजिए और ठंडा होने के बाद चाशनी को उंगली और अंगूठे में चिपकाकर देखिए, यह शहद की तरह चिपकनी चाहिए, चाशनी में तार बनने की आवश्यकता नही है। चाशनी तैयार है। तैयार चाशनी में केसर का पानी डालकर मिक्स कर दीजिए।

जलेबी का बैटर बनाइए

एक प्याले में मैश्ड पनीर डाल लीजिए। साथ ही तैयार मैदा के घोल को अच्छे से फैंट लीजिए। फिर, इस घोल को पनीर में डाल दीजिए और मैदा तथा पनीर के एकसार होने तक अच्छे से मिक्स करते हुए फैंटते रहिए। जलेबी का बैटर तैयार है।

जलेबियां तलिए

जलेबियां बनाने के लिए एक कोन लीजिए और इसे एक गिलास पर रख लीजिए। इस कोन में जलेबी का बैटर डाल लीजिए। कोन को ऊपर से बांधकर पकड़ लीजिए और नीचे की साइड कैंची से छोटा सा छेद कर दीजिए।

कढ़ाही में घी गरम कर लीजिए। घी गरम होने के बाद, इसमें जरा सा बैटर डालकर चैक कर लीजिए कि घी ठीक से गरम हुआ या नही। अगर बैटर सिककर ऊपर आ रहा है, तो घी पर्याप्त गरम है। गरम घी में कोन को दबाते हुए सादा जलेबियों की तरह ही गोल-गोल जलेबियां बनाते जाइए और जलेबियों को धीमी व मध्यम आंच पर तल लीजिए। जैसे ही ये नीचे से ब्राउन हो जाए, वैसे ही इन्हें पलट दीजिए और जलेबियों को दोनों ओर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए। सारी जलेबियां इसी तरह फ्राय कर लीजिए।

जलेबियां चाशनी में डुबोइए
फ्राइड जलेबियों को एक प्लेट में निकाल लीजिए। इसके बाद, जलेबियों को चाशनी में डाल दीजिए और 2 मिनिट चाशनी में ही डूबे रहने दीजिए।

2 मिनिट बाद, चाशनी से जलेबियां निकालकर प्लेट में रख लीजिए और जैसे-जैसे जलेबियां फ्राय होती जाएं, उन्हें प्लेट में निकालिए और फिर चाशनी में २ मिनिट डुबोकर दूसरी प्लेट में निकालकर रखते जाइए। चाशनी से तर, शानदार पनीर जलेबी को किसी भी विशेष अवसर पर बनाइए और मेहमानों का मुंह मीठा कराइए।

अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।