मिठाई

मीठे में बनाएं पनीर पायसम

अगर आप चावल वाली खीर खाकर बोर हो गए हैं तो अब पनीर की खीर यानी कि पनीर पायसम ट्राय करें।
2 min read
• •
Updated: 20 Dec 2017, 4:15 PM IST
paneer payasam
paneer payasam

अगर आप चावल वाली खीर खाकर बोर हो गए हैं तो अब पनीर की खीर यानी कि पनीर पायसम ट्राय करें। यह बेहद स्वादिष्ट बनती है और आप चाहें तो इसे मेहमानों के आगे भी परोस सकते हैं। यहां पढ़ें पनीर पायसम बनाने की रेसिपी -

सामग्री -

पनीर - 250 ग्राम
चीनी - 100 ग्राम (1/2 कप)
इलाइची पाउडर - ½ छोटी चम्मच
काजू - 6 से 7
फुल क्रीम दूध - ½ लीटर
पिस्ता - 2 से 3

विधि -

पनीर की खीर बनाने की शुरूआत कीजिए दूध को उबालने से। किसी भगोने में दूध लीजिए और गैस पर उबलने रख दीजिए। जब तक दूध उबले, तब तक पनीर कद्दूकस कर लीजिए।

दूध में अच्छे से उबाल आने के बाद, इसे ६ से ७ मिनिट और धीमी आंच पर उबालकर गाढ़ा कर लीजिए। फिर, कद्दूकस किए हुए पनीर को दूध में डालकर मिक्स कर दीजिए।

पनीर डालने के बाद, दूध को लगातार चलाते हुए दोबारा उबाल आने तक पका लीजिए। फिर, खीर को मध्यम आंच पर गाढ़ा होने तक पकने दीजिए। खीर के पकने के दौरान प्रत्येक २ से ३ मिनिट में खीर को चमचे से चला लीजिए। इसी बीच काजू भी काटकर तैयार कर लीजिए।

खीर के गाढ़े होने पर खीर में चीनी डाल दीजिए। साथ ही काजू और इलाइची पाउडर भी डाल दीजिए। सारी चीजों को खीर में अच्छे से मिक्स कर लीजिए और खीर को १ से २ मिनिट चीनी घुलने तक पका लीजिए। खीर बनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और खीर को प्याले में निकाल लीजिए।

पनीर खीर तैयार है। खीर को कटे हुए पिस्तों से गार्निश कीजिए और गरमागरम या फ्रिज में ठंडा करके जैसे मनचाहे वैसे सर्व कीजिए। पनीर खीर को छैना खीर भी कहा जाता है। इस खीर को फ्रिज में रखकर २ से ३ दिन तक खा सकते हैं।

अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।